“लखनऊ में मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के 3 साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गमला चोरी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि लोग ढाई करोड़ की कार से आकर 45 रुपए के गमले चुरा ले जाते हैं। पढ़ें पूरा बयान और कार्यक्रम की बड़ी बातें।“
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में नगर निगम के एक कार्यक्रम के दौरान गमला चोरी की घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए तीखी टिप्पणी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग महंगी कारों से आते हैं और 45 रुपए के गमले चोरी करके ले जाते हैं।
उन्होंने कहा, “हम गमला लगाते हैं, तो कोई कार से आता है और गमला उठाकर ले जाता है। जितना कार का तेल लग रहा है, उतने में नया गमला खरीद सकते हैं। अब हर जगह CCTV लगे हैं, हम सब देखते रहते हैं। पता चलता है कि ढाई करोड़ की कार से लोग 45 रुपए का गमला चुरा रहे हैं।”

“मन हुआ था कि फोटो चौराहे पर लगवा दूं”
सीएम योगी ने कहा कि सरकारी संपत्ति जनता की होती है और उसका संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एक समय तो उनके मन में यह विचार आया था कि गमला चोरी करने वालों की तस्वीरें चौराहों पर लगवा दी जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “जो पैसा खर्च हो रहा है, वह जनता का है। यह न हमारा है, न वित्त मंत्री सुरेश खन्ना का और न ही ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का। हम केवल उसका सही नियोजन कर रहे हैं।”

नगर निकायों के तीन साल पूरे होने पर कार्यक्रम
मुख्यमंत्री लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम भाजपा मेयर सुषमा खर्कवाल के कार्यकाल के तीन साल पूरे होने पर आयोजित किया गया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 413 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

स्वच्छता और नागरिक जिम्मेदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता रैंकिंग में और आगे ले जाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर का कूड़ा कूड़ेदान में डालें और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय की अव्यवस्थाओं को सुधारने का काम वर्तमान सरकार ने किया है। “पिछली सरकार के पाप के गड्ढों को हमने भरा और उनके भ्रष्टाचार के कूड़ेदान को साफ किया,” सीएम ने कहा।

बिजली संकट और विपक्ष पर भी बोले मुख्यमंत्री
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बिजली संकट के मुद्दे पर भी विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संकट वैश्विक समस्या है, लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार लगातार बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है।
सीएम योगी ने कहा, “2017 में प्रदेश में पांच से छह हजार मेगावाट बिजली की पीक डिमांड थी, जो अब बढ़कर 32 से 33 हजार मेगावाट तक पहुंच गई है। इसके बावजूद सरकार पूरी क्षमता से काम कर रही है।”

5 महीने पहले हुई थी गमला चोरी की घटना
दरअसल, दिसंबर 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम के बाद वहां सजावट के लिए लगाए गए गमले लोग कार और स्कूटी से उठाकर ले गए थे।
इस घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं। बाद में लखनऊ विकास प्राधिकरण ने वहां से बाकी गमलों को हटवा दिया था।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








