“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 4399 दिन पद पर रहकर जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा और सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने। वाराणसी में नमामि गंगे और भाजपा द्वारा विशेष आरती, सेवा व जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए।“
वाराणसी। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में 10 जून 2026 का दिन एक नए अध्याय के रूप में दर्ज हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। उन्होंने देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का 72 वर्ष पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,399 दिन पूरे किए।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर नमामि गंगे अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने विशेष गंगा आरती कर बाबा विश्वनाथ और मां गंगा से प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं राष्ट्र के निरंतर विकास की कामना की।
गंगा द्वार पर गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
गंगा द्वार पर आयोजित कार्यक्रम में नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर और राष्ट्रध्वज के साथ मां गंगा की आरती उतारी। इस दौरान बाबा विश्वनाथ और मां गंगा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
राजेश शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि गरीब कल्याण, बुनियादी ढांचे के विस्तार, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवास, सड़क निर्माण और डिजिटल विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं।
भाजपा ने सेवा और जनकल्याण कार्यक्रमों के जरिए मनाया उत्सव
केंद्र में मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और प्रधानमंत्री के नए कीर्तिमान के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने वाराणसी में व्यापक स्तर पर सेवा, स्वच्छता, धार्मिक और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए।
भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने बताया कि जिले और महानगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, स्वास्थ्य सेवा और जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों, घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया।
अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में बांटी गई सहायता सामग्री
सेवा कार्यक्रमों के तहत विभिन्न अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों और अनाथालयों में जरूरतमंदों को फल, वस्त्र, दवाइयां और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई।
अपना घर आश्रम रोहनिया, जक्खिनी एवं चिरईगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामनगर और दुर्गाकुंड वृद्धाश्रम, काशी अनाथालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल तथा आयुर्वेद कॉलेज चौकाघाट सहित कई संस्थानों में विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।
शाम को काशी विश्वनाथ धाम में दीपोत्सव
इस अवसर पर भाजपा की ओर से शाम को श्री काशी विश्वनाथ धाम में विशेष दीपोत्सव कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के शामिल होने की जानकारी दी गई।
इसके अलावा प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, विधायक, महापौर और पार्टी पदाधिकारियों ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता कर प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया।
लोकतंत्र में जनविश्वास की जीत : भाजपा
भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के इस रिकॉर्ड को लोकतंत्र में जनता के विश्वास, सुशासन और विकास की राजनीति की जीत बताया। उनका कहना है कि पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, किसान हित, युवाओं के अवसर और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में हुए कार्यों ने देश को नई दिशा दी है।
राजनीतिक दृष्टि से भी यह उपलब्धि महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब भारत के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में दर्ज हो गए हैं।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









