
कांवड़ यात्रा पर CM योगी ने कहा कि यह आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उपद्रवियों पर जीरो टॉलरेंस, फेक न्यूज पर कार्रवाई, महिला सुरक्षा, बाढ़ राहत और खाद वितरण को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
लखनऊ। कांवड़ यात्रा CM योगी समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि आस्था, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व है। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा की शांति और सुरक्षा में बाधा डालने वाले किसी भी अराजक तत्व के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बाढ़ की स्थिति, आगामी पर्व-त्योहारों, खाद की उपलब्धता और स्कूली वाहनों की सुरक्षा सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत समीक्षा की।
फेक न्यूज फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलाए जाने वाले भ्रामक और मिथ्या समाचारों का तत्काल तथ्यात्मक खंडन किया जाए। धार्मिक आयोजनों के दौरान अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांवड़ यात्रा सामाजिक एकता का उदाहरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब समाज में विभाजनकारी प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसे समय में लाखों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली कांवड़ यात्रा सामाजिक समरसता और एकता का प्रेरक उदाहरण बनकर सामने आई है। उन्होंने सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा की भी सराहना की।
बरेली में उर्स और कांवड़ यात्रा पर विशेष निगरानी
मुख्यमंत्री ने बरेली में कांवड़ यात्रा और आला हजरत उर्स को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्स के दौरान इस्लामिक समुदाय द्वारा शिवभक्तों की आस्था का सम्मान करते हुए शाकाहारी भोजन वितरण जैसी पहल सामाजिक सौहार्द का सकारात्मक संदेश देती है।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि महिला सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा शोहदों और टप्पेबाजों की पहचान सार्वजनिक करने के निर्देश दिए।
बाढ़ और खाद वितरण पर निर्देश
मुख्यमंत्री ने बलिया, बाराबंकी, उन्नाव सहित बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को यूरिया, डीएपी और अन्य उर्वरकों की उपलब्धता पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने तथा कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा।
स्कूली वाहनों की फिटनेस पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्कूली वाहनों की फिटनेस जांच, ई-रिक्शा एवं टैक्सी चालकों के सत्यापन और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग को आवश्यक निर्देश दिए।
हाथरस में डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से संवाद किया, यात्रा नियमों का पालन करने की अपील की और कांवड़ियों के साथ ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए। पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं को रिफ्लेक्टर जैकेट भी वितरित की गईं।







