“लखनऊ सावन मेले हादसे में इंदिरा नगर के सावन महोत्सव में झूले का बकेट टूटकर गिरने से तीन युवतियां घायल हो गईं। एक किशोरी को मल्टीपल फ्रैक्चर हुआ है। झूला संचालक मौके से फरार है।“
लखनऊ। गाजीपुर थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा नगर सावन महोत्सव में मंगलवार शाम बड़ा हादसा हो गया। मेले में तेजी से घूम रहे एक झूले का बकेट अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से तीन युवतियां घायल हो गईं। इनमें एक किशोरी को शरीर में मल्टीपल फ्रैक्चर आया है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद मेला परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही गाजीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
झूले का बकेट टूटकर युवती के चेहरे से टकराया
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट के अनुसार, विभूतिखंड के विजयीपुर निवासी सूर्या मंगलवार शाम अपनी बहनों और दोस्तों के साथ इंदिरा नगर सावन महोत्सव घूमने पहुंचे थे। सभी लोग मेले में लगे बड़े झूले पर सवार थे।
इसी दौरान झूला तेज गति से घूम रहा था, तभी उसका एक बकेट अचानक टूट गया। बेकाबू होकर गिरा बकेट अंकिता के चेहरे से जा टकराया। हादसे में अंकिता के अलावा नैंसी और विमल नगर निवासी निशा कुमारी भी घायल हो गईं।
चीख-पुकार के बाद भी देर से रोका गया झूला
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि बकेट टूटने के बाद चीख-पुकार मचने के बावजूद संचालक ने झूला तत्काल नहीं रोका। लोगों के लगातार विरोध और शोर के बाद झूला रोका गया।
इसी बीच झूला संचालक मौका पाकर भीड़ का फायदा उठाते हुए वहां से फरार हो गया।
एक किशोरी को मल्टीपल फ्रैक्चर
पुलिस ने घायल तीनों युवतियों को नजदीकी सुषमा अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के मुताबिक अंकिता, नैंसी और निशा का इलाज चल रहा है। इनमें से एक किशोरी को शरीर में कई जगह फ्रैक्चर हुए हैं।
झूले पर सवार कुछ अन्य लोगों को भी झटकों की वजह से मामूली चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया।
परिजनों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
घटना के बाद परिजनों ने मेले में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मेले में पुराने और जर्जर झूलों का इस्तेमाल किया जा रहा था और फिटनेस की पर्याप्त जांच नहीं की गई।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में मेला आयोजित करने की प्रशासनिक अनुमति होने की बात सामने आई है।
तहरीर मिलते ही संचालक और आयोजकों पर होगी कार्रवाई
गाजीपुर पुलिस के अनुसार अभी पीड़ितों की ओर से लिखित तहरीर नहीं मिली है। पुलिस ने कहा है कि तहरीर मिलते ही झूला संचालक और आयोजकों के खिलाफ लापरवाही तथा सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के तहत मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस हादसे की परिस्थितियों और मेले में लगाए गए झूले की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच कर रही है।









