
“आइजोल के पास सियालसुक से लौट रही कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में दूरदर्शन आइजोल के निदेशक नम्पिबोउ मारिनमाई, PIB इम्फाल के ADG डॉ. एंगाम पामे समेत तीन की मौत हुई।“
आइजोल। मिजोरम में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्र सरकार के तीन अधिकारियों की मौत हो गई। आइजोल से करीब 30 किलोमीटर दक्षिण में सताएक गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में आइजोल दूरदर्शन के निदेशक (न्यूज) नाम्पिबोउ मारिनमाई, इंफाल प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) के एडिशनल डायरेक्टर जनरल एंगम पामे और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ कम्युनिकेशन (CBC) के स्थानीय फील्ड ऑफिस में तैनात मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) एच. लियानवेला की मौत हो गई।
दूरदर्शन और PIB के अधिकारी मृतकों में शामिल
हादसे की जानकारी देते हुए PIB के एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में दूरदर्शन और PIB से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों की जान गई है। मृतकों में आइजोल दूरदर्शन के निदेशक (न्यूज) नाम्पिबोउ मारिनमाई और इंफाल PIB के एडीजी एंगम पामे शामिल हैं।
हादसे में CBC के स्थानीय फील्ड कार्यालय के MTS सदस्य एच. लियानवेला की भी मौत हुई। वहीं कार चला रहे गोजेंद्रो डे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आइजोल के पास फाल्कॉन स्थित जोरम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (ZMCH) में भर्ती कराया गया है।
भाई की याद में पौधारोपण के बाद लौट रहे थे
जानकारी के अनुसार, चारों लोग सियल्सुक गांव गए थे, जहां PIB के एडीजी एंगम पामे के भाई की याद में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। उनके भाई की पहले एक हादसे में मौत हो चुकी थी।
कार्यक्रम के बाद सभी लोग कार से आइजोल लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि वह अपने हाथ-पैर हिलाने और आंखें खोलने में असमर्थ हो गया। इसके बाद कार सड़क से उतरकर गहरी खाई में जा गिरी।
तीनों शवों का पोस्टमार्टम
हादसे के बाद तीनों मृतकों के शवों को गुरुवार रात जोरम मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल लाया गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी थी। इसके बाद नाम्पिबोउ मारिनमाई और एंगम पामे के शवों को मणिपुर स्थित उनके पैतृक स्थानों पर भेजे जाने की जानकारी दी गई।
पत्रकार संगठन ने जताया शोक
हादसे की सूचना मिलने के बाद मिजोरम जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन (MJA) के पदाधिकारी भी ZMCH पहुंचे और मृत अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी। घटना से मीडिया और सरकारी महकमे में शोक का माहौल है।
मुख्यमंत्री समेत नेताओं ने जताया दुख
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने अधिकारियों की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि उनका अचानक और असमय निधन बड़ी क्षति है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों और इस दुख से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) के अध्यक्ष जोरमथांगा और मिजोरम कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष लाल थानजारा ने भी तीनों अधिकारियों के निधन पर शोक व्यक्त किया।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”







