
लखनऊ : लखनऊ में नगर निगम ने कचहरी परिसर के पास बने अवैध चैंबरों को हटाने की कार्रवाई फिर शुरू कर दी है। इस दौरान वकीलों ने विरोध जताते हुए नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और कार्रवाई रोकने की मांग की। नाराज वकीलों ने कहा कि इसका जवाब 2027 में दिया जाएगा।
कार्रवाई के लिए मौके पर 10 बुलडोजर लगाए गए हैं, जबकि मलबा हटाने के लिए 10 हाइवा तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल भी मौजूद है।
211 चैंबरों को हटाने की तैयारी
नगर निगम ने पिछले साल सर्वे के दौरान कचहरी के आसपास बने 241 चैंबरों को चिह्नित किया था। ये चैंबर नाले, नालियों और सार्वजनिक जगहों पर बनाए गए थे। इनमें से पहले दो चरणों में 72 चैंबर तोड़े जा चुके हैं। अब बाकी चिह्नित निर्माणों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
नगर निगम के मुताबिक, चैंबर हटाने के लिए संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस दिए गए थे। नोटिस के खिलाफ आईं 14 आपत्तियों का भी निस्तारण किया जा चुका है। पहले यह कार्रवाई 11 अक्टूबर को होनी थी, लेकिन आपत्तियों और कोर्ट में लंबित अपील के चलते इसे टाल दिया गया था।

हाईकोर्ट के आदेश पर कार्रवाई
वकीलों ने इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट का रुख किया था, लेकिन उनकी अपील खारिज हो गई। नगर निगम के जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के तहत कचहरी परिसर के बाहर नाले, नालियों, फुटपाथ और सड़क पर बने अवैध निर्माण हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में संबंधित लोगों को नोटिस भी जारी किए जा चुके हैं।









