बिहार MLC चुनाव 2026: कई सीटों पर कांटे की टक्कर, तिरहुत में भाजपा उम्मीदवार आगे

पटना। बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के नतीजों पर सबकी नजरें टिकी हैं। विधान परिषद की आठ सीटों पर 150 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होना है। शुरुआती रुझानों में पटना स्नातक सीट से जदयू उम्मीदवार नीरज सिंह आगे चल रहे हैं, जबकि तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा समर्थित उम्मीदवार नरेंद्र प्रसाद सिंह और निर्दलीय प्रत्याशी भूषण कुमार झा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है।

इस चुनाव से मोकामा के विधायक अनंत सिंह की प्रतिष्ठा भी जुड़ी हुई है। पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज सिंह का विरोध कर जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन करने के कारण अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था।

वहीं, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जनसुराज के सुरेश प्रसाद राय आगे चल रहे हैं। कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा दूसरे स्थान पर बताए जा रहे हैं।

तिरहुत शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। मौजूदा एमएलसी और सीपीआई समर्थित उम्मीदवार डॉ. संजय कुमार सिंह पीछे चल रहे हैं। उपलब्ध मतगणना आंकड़ों के अनुसार:

  • डॉ. नरेंद्र प्रसाद सिंह (भाजपा समर्थित): 2,298 वोट
  • भूषण कुमार झा (निर्दलीय): 2,015 वोट
  • डॉ. संजय कुमार सिंह (सीपीआई): 1,952 वोट

दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के दौरान कुल 7,753 मतों की गिनती पूरी होने की जानकारी दी गई है। चुनाव परिणामों को लेकर आगे की गिनती और आधिकारिक घोषणा पर नजर बनी हुई है।

Back to top button