
नई दिल्ली : चक्रवात ‘अर्नब’ ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा में जनजीवन को प्रभावित किया है। लगातार बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में घरों में पानी घुस गया है, जबकि किसानों की खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। बिगड़ते हालात को देखते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित लोगों की मदद करने की अपील की है। वहीं, राहुल गांधी ने सरकारों से प्रभावित परिवारों तक जल्द राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंचाने को कहा है।
प्रियंका गांधी ने जताई चिंता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की अपील
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर चक्रवात और भारी बारिश से प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि उनकी संवेदनाएं आंध्र प्रदेश में चक्रवात से प्रभावित लोगों और ओडिशा में भारी बारिश व बाढ़ का सामना कर रहे परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने सभी की सुरक्षा की कामना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रभावित परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाएं और राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करें।

राहुल गांधी ने सरकार से मांगी तुरंत राहत
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी चक्रवात और बाढ़ से हुए नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राहुल गांधी ने कहा कि कई परिवारों के घर उजड़ गए हैं और लोगों की आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। ऐसे मुश्किल समय में सरकारों को बिना देरी किए प्रभावित लोगों तक राहत और पुनर्वास की सुविधाएं पहुंचानी चाहिए। उन्होंने लोगों की सुरक्षा और उनकी जरूरतों को प्राथमिकता देने की अपील की।
अमित शाह ने राज्यों को दिया मदद का भरोसा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत कर हालात की जानकारी ली।
अमित शाह ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार प्रभावित राज्यों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
रेलवे पुल के नीचे भरा पानी, नौ ट्रेनें रद्द
लगातार बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश के कारण एक रेलवे पुल के नीचे पानी का स्तर बढ़ने लगा। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए साउथ कोस्ट रेलवे (SCOR) ने विशाखापत्तनम-भुवनेश्वर मुख्य रेलमार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया।
इस फैसले के चलते करीब नौ ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि लगभग 16 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ओडिशा के गजपति जिले में बाढ़ जैसे हालात
ओडिशा के गजपति जिले में लगातार बारिश के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। बुधवार से हो रही बारिश के चलते महेंद्रतनया नदी के जलग्रहण क्षेत्र में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
गोशानी ब्लॉक के बाघासाला, भिननाला और बापूजी पेन्थ समेत कई इलाकों में पानी घुस गया है। नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने से खेतों में भी पानी भर गया है। कई गांवों में जलभराव के कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
छत्तीसगढ़ में किसानों की फसलें प्रभावित, स्कूलों में छुट्टी
चक्रवात से जुड़ी बारिश का असर छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिला है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में धान की खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।
मौसम की स्थिति और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है।








