
लखनऊ। सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में हुए तिहरे हत्याकांड से जुड़े दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें वारदात के दौरान मची अफरा-तफरी और मौके पर मौजूद लोगों की आवाजें सुनाई दे रही हैं। घटना के बाद पुलिस ने फरार चाचा-भतीजी की गिरफ्तारी के लिए 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों की तलाश में पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं और सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।
सामने आए वीडियो में दिखी वारदात
पहले वीडियो में आरोपी ऋषभ शुक्ला पिस्टल लेकर शिवेंदु तिवारी उर्फ शंभू, उनके भाई शिवाजी तिवारी और भतीजे सुयश तिवारी पर गोली चलाते दिखाई दे रहा है। इस दौरान परिवार के सदस्य उन्हें बचाने की गुहार लगाते सुनाई देते हैं। शिवेंदु की बेटी सुमेधा भी अपने पिता को बचाने के लिए आवाज लगाती नजर आती है।
वीडियो में आरोपी को मैगजीन बदलते और दोबारा गोली चलाते हुए भी देखा जा सकता है। इसके बाद वह किसी व्यक्ति को फोन कर घटना की जानकारी देता है और मदद मांगता है।

दूसरे वीडियो में पुलिस आरोपी को ले जाती दिखी
दूसरे वीडियो में एक दारोगा आरोपी ऋषभ को पकड़कर ले जाता दिखाई देता है। उसके पास आरोपी की पिस्टल और मैगजीन भी नजर आती है। मौके पर मौजूद कुछ लोग पुलिसकर्मी से बहस करते सुनाई देते हैं।
वीडियो में एक युवती घटना को आत्मरक्षा से जुड़ा मामला बताती सुनाई देती है। वहीं, दारोगा लोगों से घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए कहता है।
फरार चाचा-भतीजी पर 25-25 हजार का इनाम
तिहरे हत्याकांड में फरार दो आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही सर्विलांस के जरिए भी उनकी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद मृतकों और आरोपियों के घर आसपास होने के कारण इलाके में पुलिस बल तैनात है। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जितेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि फरार दोनों आरोपियों पर इनाम घोषित कर दिया गया है।
मृतक परिवार ने अधिकारियों के नहीं पहुंचने की बात कही
मृतक परिवार के मुखिया शिवाजी तिवारी के फुफेरे भाई मनोज अवस्थी ने तीनों शवों का अंतिम संस्कार किया था। उन्होंने बताया कि परिवार में धार्मिक रस्में चल रही हैं और गुरुवार को गरुड़ पुराण का पाठ कराया गया।
मनोज अवस्थी के मुताबिक, इलाके में पुलिस बल तैनात है, लेकिन अब तक कोई पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी परिवार से मिलने नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दसवां संस्कार होगा। इसके बाद परिवार आगे की रणनीति तय करेगा।
परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और उनके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग करने की बात कही है।
कार खड़ी करने को लेकर हुआ था विवाद
यह मामला 26 अक्टूबर की सुबह सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला का है। यहां चबूतरे के पास कार खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद में ऋषभ शुक्ला ने अपने पड़ोसी शिवाजी तिवारी, उनके भाई शिवेंदु तिवारी उर्फ शंभू और बेटे सुयश तिवारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मामले में ऋषभ शुक्ला, राजेश शुक्ला, गिरीश शुक्ला, दिनेश शुक्ला, मुन्ना बाबू, दिव्या, प्रिया और अदिति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक, अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है।









