‘कुछ लोगों को देश का विकास अच्छा नहीं लग रहा’, गुजरात में विपक्ष पर बरसे पीएम मोदी; किसानों के लिए गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

अहमदाबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गुजरात के बनासकांठा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का संबंध किसानों, पशुपालकों, महिलाओं और बच्चों के सशक्तिकरण से है। इस दौरान पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त भी जारी की।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा और अपनी सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का जिक्र किया।

विपक्ष पर पीएम मोदी का निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्षी नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे उन्हें बदनाम करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को देश का विकास अच्छा नहीं लगता और देश के सामने संकट आने पर उन्हें खुशी होती है।

खाद की बढ़ती कीमतों का किसानों पर असर नहीं पड़ने दिया

पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण दुनिया में पैदा हुई चुनौतियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में खाद की कीमतें बढ़ने के बावजूद सरकार ने इसका बोझ देश के किसानों पर नहीं पड़ने दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में फर्टिलाइजर और यूरिया की कीमतें बढ़ीं, लेकिन सरकार ने किसानों को महंगाई के असर से बचाने की कोशिश की।

MSP पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

प्रधानमंत्री ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) का जिक्र करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने किसानों को इस मुद्दे पर केवल भरोसा दिया, जबकि उनकी सरकार ने अपना वादा पूरा किया है।

उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में गेहूं और धान के किसानों के खातों में MSP के रूप में 24 लाख करोड़ रुपये पहुंचाए गए हैं।

खेती में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि खेती भारत की परंपरा और संस्कृति का हिस्सा है। उनकी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में कृषि क्षेत्र में विज्ञान और तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया है।

उन्होंने सॉइल हेल्थ कार्ड योजना का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे किसानों को यह जानने में मदद मिलती है कि उनके खेतों को किस तरह की खाद और कितनी मात्रा में उसकी जरूरत है।

प्रधानमंत्री के मुताबिक, देश में किसानों के पास 26 करोड़ से अधिक सॉइल हेल्थ कार्ड हैं। इससे खेती के तरीकों को आधुनिक बनाने में मदद मिली है।

पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए नई पहल

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय गोकुल मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत देसी नस्लों के संरक्षण और वैज्ञानिक प्रजनन को बढ़ावा दिया जा रहा है। बनासकांठा में स्थापित अनुसंधान केंद्र से इस मिशन को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में दो बायो-CNG प्लांट की आधारशिला भी रखी गई है। सरकार का लक्ष्य पशुओं के स्वास्थ्य में सुधार, दूध उत्पादन बढ़ाने और गोबर का बेहतर इस्तेमाल करना है।

पीएम मोदी ने कहा कि पशुपालन को किसानों की आमदनी बढ़ाने और गांवों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के माध्यम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी

प्रधानमंत्री ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस योजना के तहत अब तक करीब 4.5 लाख करोड़ रुपये छोटे किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजे जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि देश के कुल किसानों में 85 प्रतिशत से अधिक छोटे किसान हैं। लंबे समय तक उनकी जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन मौजूदा सरकार ने उनके कल्याण को प्राथमिकता देते हुए सीधे आर्थिक सहायता पहुंचाई है।

Back to top button