
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी घमासान तेज हो गया है। पीएम मोदी ने खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह अपनी आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा करते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल देश में अफवाहें फैलाकर सरकार को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ये बातें गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलडी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। इससे पहले उन्होंने ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने करीब 14 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
क्या है खरगे का पूरा बयान?
दरअसल, 25 अक्टूबर 2026 को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने पटना पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने टिप्पणी करते हुए कहा कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे।
इसके जवाब में खरगे ने कहा था, ‘मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।’ उनके इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई।

पीएम मोदी बोले- आखिरी सांस तक करूंगा जनता की सेवा
प्रधानमंत्री मोदी ने खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह जीवन के अंतिम क्षण तक देश की जनता की सेवा में जुटे रहेंगे। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि कुछ लोग देश में मुश्किल हालात पैदा होने पर खुश होते हैं और सरकार के खिलाफ अफवाहें फैलाते हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि ईरान युद्ध के दौरान विपक्ष ने खाद और एलपीजी की कमी को लेकर अफवाहें फैलाईं। उनका आरोप है कि ऐसा केवल उन्हें बदनाम करने के उद्देश्य से किया गया।
किसानों के हितों को लेकर क्या बोले पीएम मोदी?
प्रधानमंत्री ने किसानों के मुद्दे पर भी अपनी सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। वैश्विक परिस्थितियों के कारण खाद की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई, लेकिन सरकार ने इसका बोझ किसानों पर नहीं पड़ने दिया।
उन्होंने बताया कि पीएम-किसान सम्मान निधि योजना के तहत छोटे किसानों को अब तक 4.5 लाख करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। पीएम मोदी ने कहा कि सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
कांग्रेस ने खरगे के बयान का किया बचाव
खरगे के बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस ने उनका बचाव किया था। पार्टी की ओर से कहा गया कि पटना में कार्यक्रम के दौरान जब एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर टिप्पणी की, तो खरगे ने उसी के जवाब में यह बात कही थी।
अमित शाह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी खरगे के बयान को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा था कि पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार कर दी हैं।
अमित शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पहले भी प्रधानमंत्री और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करती रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री की मां के खिलाफ की गई टिप्पणियों और उन्हें ‘मौत का सौदागर’ तथा ‘चायवाला’ कहे जाने का भी जिक्र किया। इस बयानबाजी के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है।









