‘हम हारे नहीं, हमें हराया गया’, रामलीला मैदान से ममता बनर्जी का बड़ा आरोप

नई दिल्ली : दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित INDIA ब्लॉक की महारैली में विपक्षी नेताओं ने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग, वोट चोरी और एसआईआर के मुद्दे पर सरकार को घेरा।

ममता बनर्जी ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि बंगाल में उनकी पार्टी चुनाव नहीं हारी, बल्कि उसे हराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान ईवीएम, वोट और संविधान के साथ खिलवाड़ किया गया। ममता ने कहा, “हम हार मानने वाले नहीं हैं। हम लड़ेंगे और लोकतंत्र को बचाएंगे।” उन्होंने पश्चिम बंगाल में एसआईआर प्रक्रिया को लेकर भी नाराजगी जताई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतगणना में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाया।

वहीं, अखिलेश यादव ने कहा कि देश में बदलाव कभी भी आ सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने वोट चोरी का मुद्दा उठाया, लेकिन चुनाव आयोग उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहा है। अखिलेश ने दावा किया कि बीजेपी की विदाई तय है और उत्तर प्रदेश इसमें बड़ी भूमिका निभाएगा।

सपा प्रमुख ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तर प्रदेश को अंगद का पैर बताने वाले बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जब जमीन ही नहीं बचेगी तो पैर कहां रखेंगे। अखिलेश ने कहा कि रामलीला मैदान लोकतंत्र की लड़ाई का बड़ा केंद्र बन गया है और 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐसी विदाई होगी कि वह दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएगी।

अखिलेश यादव ने यूपी में मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम काटे जाने का दावा भी किया। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष सीबीआई और ईडी से डरने वाला नहीं है। खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रही हैं। तेजस्वी ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है।

INDIA ब्लॉक की इस महारैली में विपक्षी नेताओं ने एकजुट होकर वोट के अधिकार, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र की रक्षा का मुद्दा उठाया। नेताओं ने आगामी चुनावों में बीजेपी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प भी जताया।

Back to top button