
पटियाला : पंजाब में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद तीन नेताओं ने इस्तीफा दे दिया था। अब पूर्व विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा, हरमीत सिंह पठानमाजरा और कुंवर विजय प्रताप सिंह भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। तीनों नेताओं ने रविवार को दिल्ली में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
दरअसल, पटियाला जिले की समाना विधानसभा सीट से विधायक रहे चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने रविवार को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। वहीं, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था। इसके अलावा कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी AAP से इस्तीफा दे दिया था।

इस घटनाक्रम के बाद पंजाब में दल-बदल की राजनीति तेज हो गई है। आम आदमी पार्टी ने चेतन सिंह जौड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की बात कही है। पार्टी विधानसभा स्पीकर से दोनों विधायकों की सदस्यता समाप्त करने की मांग करेगी। AAP का दावा है कि विरोधी गतिविधियों के चलते दोनों नेताओं को पहले ही पार्टी से निलंबित किया जा चुका था। इसके बाद उन्होंने इस्तीफा दिया।









