
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की दोबारा गिरफ्तारी को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। लखनऊ एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है और इसके लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आजम खान के साथ जिस तरह का व्यवहार हो रहा है, वह ठीक नहीं है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है।

भाजपा ने कभी तिरंगा नहीं फहराया: अखिलेश
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब देश आजादी का जश्न मना रहा था, तब मुख्यमंत्री विभाजन का उत्सव मना रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने आजादी से पहले और उसके बाद कभी तिरंगा नहीं फहराया।
लोधी समाज को लेकर उन्होंने कहा कि अगर यह समाज एकजुट हो गया तो भाजपा का पता नहीं चलेगा। समाजवादी पार्टी लोधी समाज को सम्मान और उचित स्थान देगी। अखिलेश ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव परिणामों के बाद समाजवादी पार्टी और इंडिया गठबंधन नंबर एक पर पहुंच गए हैं।
कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने सरकार के पर्यावरण संबंधी दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार 300 करोड़ पेड़ लगाने का दावा कर रही है, लेकिन जमीन पर पेड़ दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने प्रदूषण बढ़ने का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की रिपोर्ट में भी इस समस्या की ओर इशारा किया गया है।
इसके अलावा उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि उद्घाटन के बाद ही एक्सप्रेसवे कई जगह से टूट गया है और सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं।








