भोपाल में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, घर में मिले मां, पत्नी और दो बच्चों के शव

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। छोला थाना क्षेत्र के मालीखेड़ी में एक घर के अंदर परिवार के चार सदस्यों के शव मिले, जबकि परिवार के मुखिया का शव रेलवे ट्रैक पर बरामद हुआ। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में मिले चारों लोगों की धारदार हथियार से हत्या की गई है। वहीं, परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

घर में मिले मां, पत्नी और दो बच्चों के शव

मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है।

नरेंद्र की मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मालीखेड़ी स्थित उनके घर में मिले। शुरुआती जांच में चारों के गले पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है।

रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव

परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का शव सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर मिला। शुरुआती आशंका है कि नरेंद्र ने पहले अपने परिवार के चार सदस्यों की हत्या की और फिर ट्रेन के सामने आकर आत्महत्या कर ली। हालांकि, पुलिस ने अभी इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

हत्या और मौत की वजह तलाश रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीमें दोनों घटनास्थलों पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस घटना के पीछे क्या वजह थी।

पुलिस पारिवारिक परिस्थितियों, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

Back to top button