
प्रयागराज: मेरठ के चर्चित अमित कश्यप हत्याकांड में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने दोषियों की अपील पर सुनवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पति की हत्या के आरोप में मौत की सजा पाने वाली रविता और उसके प्रेमी अमरदीप ने मेरठ की सत्र अदालत के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। बुधवार को हुई सुनवाई में अदालत ने दोनों की अपील स्वीकार कर ली और मामले की अंतिम सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की। इस हत्याकांड को ‘सांप कांड’ के नाम से भी जाना जाता है।
हाईकोर्ट ने अपील की स्वीकार
इलाहाबाद हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच में बुधवार को जस्टिस सलिल कुमार राय और जस्टिस पदम नारायण मिश्रा ने मामले की सुनवाई की। अदालत ने रविता और अमरदीप की ओर से दाखिल अपील स्वीकार कर ली। दोनों ने मेरठ की सत्र अदालत द्वारा सुनाई गई दोषसिद्धि और मौत की सजा को रद्द करने की मांग की है। उनकी ओर से अधिवक्ता आदेश कुमार और बरखा चौधरी अदालत में पेश हुए।
14 दिसंबर को होगी अंतिम सुनवाई
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने मामले को विस्तृत सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करते हुए 14 दिसंबर की तारीख तय की। अदालत के मुताबिक, उस दिन सुबह 10 बजे मामले की अंतिम सुनवाई होगी। इस दौरान हाईकोर्ट निचली अदालत के फैसले, उपलब्ध सबूतों और दोनों पक्षों की दलीलों की समीक्षा करेगा।

क्या है पूरा मामला?
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, मेरठ के अकबरपुर सादात गांव की रहने वाली रविता का गांव के ही अमरदीप के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि रविता के पति अमित कश्यप ने इस रिश्ते का विरोध किया तो दोनों ने मिलकर 12 अप्रैल 2025 की रात उसकी हत्या कर दी।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि हत्या के बाद इसे सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई। इसके लिए शव के पास सांप छोड़ने की बात भी सामने आई थी, ताकि घटना को प्राकृतिक हादसा साबित किया जा सके। अब इस मामले में हाईकोर्ट की अंतिम सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।









