
- अदाणी ग्रुप का नया दांव! ओमान में बनाई नई कंपनी, दुनिया के व्यापारिक रास्तों पर नजर
नई दिल्ली : गौतम अदाणी की अगुवाई वाले अदाणी ग्रुप ने वैश्विक बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स कारोबार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन लिमिटेड (APSEZ) ने खाड़ी देश ओमान में नई कंपनी स्थापित की है। इस कदम को अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक मार्गों और बंदरगाह कारोबार में समूह के विस्तार की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
कंपनी ने 22 अक्टूबर 2026 को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) को दी गई जानकारी में इस बारे में बताया। आधिकारिक सूचना के मुताबिक, APSEZ की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी अदाणी इंटरनेशनल पोर्ट्स होल्डिंग्स पीटीई लिमिटेड ने ओमान में एक नई स्टेप-डाउन सहायक कंपनी का गठन किया है।
इस नई कंपनी का नाम इंडियन ओशन गेटवे टर्मिनल (Indian Ocean Gateway Terminal) रखा गया है। इसका पंजीकरण 21 अक्टूबर 2026 को ओमान में हुआ।

इस नई इकाई के गठन से अदाणी पोर्ट्स की अंतरराष्ट्रीय कारोबारी संरचना का विस्तार हुआ है। हालांकि, कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी में इस नई इकाई की आगामी परियोजनाओं, निवेश राशि या परिचालन शुरू होने की तारीख का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है।








