
बुलंदशहर की शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का 63 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। दिल्ली के निजी अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वर्ष 2023 से कैंसर से जूझ रहे अनिल शर्मा चार बार विधायक रहे और योगी सरकार में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे।
बुलंदशहर। शिकारपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक और पूर्व राज्य मंत्री अनिल शर्मा का बुधवार दोपहर निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक निजी अस्पताल में दोपहर करीब 12 बजे अंतिम सांस ली। वह 63 वर्ष के थे और वर्ष 2023 से कैंसर से जूझ रहे थे। उनका दिल्ली में इलाज चल रहा था।
अनिल शर्मा बुलंदशहर के सुरजावली गांव के रहने वाले थे। उनकी राजनीतिक यात्रा गांव की प्रधानी से शुरू हुई थी। वर्ष 1989 में उन्होंने पहली बार प्रधान का चुनाव लड़ा और निर्विरोध निर्वाचित हुए। करीब 10 वर्षों तक उन्होंने ग्राम प्रधान के रूप में जिम्मेदारी संभाली।
बसपा से शुरू किया विधानसभा का सफर
अनिल शर्मा वर्ष 2002 में पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए। वर्ष 2007 में उन्होंने लगातार दूसरी बार खुर्जा सीट पर जीत दर्ज की। वर्ष 2012 में उन्होंने शिकारपुर विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
वर्ष 2017 में भाजपा के टिकट पर शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर वह विधानसभा पहुंचे। भाजपा सरकार बनने के बाद उन्हें योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बनाया गया। वर्ष 2022 में उन्होंने एक बार फिर भाजपा के टिकट पर शिकारपुर से जीत दर्ज की।
परिवार में पत्नी, बेटा और बेटी
अनिल शर्मा के परिवार में पत्नी मूर्ति देवी, बेटा कुश शर्मा और बेटी जूही शर्मा हैं। उनकी पत्नी पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुकी हैं, जबकि उनके बेटे कुश शर्मा भाजयुमो में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कोषाध्यक्ष हैं। उनके पिता स्वर्गीय विजय कुमार भी पूर्व प्रधान रहे थे।
विधायक के निधन से एक और विधानसभा सीट खाली
अनिल शर्मा के निधन के बाद उत्तर प्रदेश विधानसभा में अब छह सीटें खाली हो गई हैं। इनमें तीन सीटें सपा, दो भाजपा और एक बसपा के खाते की हैं।
इससे पहले 5 अगस्त को बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन हुआ था। वहीं 23 जुलाई को आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से सपा विधायक आलमबदी आजमी का निधन हुआ था। इसी वर्ष जनवरी में सोनभद्र की दुद्धी सीट से सपा विधायक विजय सिंह गोंड और बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का निधन हुआ था। पिछले वर्ष मऊ की घोसी सीट से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन हुआ था।
हालांकि, मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने में एक साल से भी कम समय बचा होने के कारण इन रिक्त सीटों पर उपचुनाव नहीं होने की बात सामने आई है।
अनिल शर्मा के निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं और शिकारपुर क्षेत्र में शोक की लहर है। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि दी है।







