
राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क हरदोई : रिश्वत लेने के आरोप में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के पूर्व जिला अध्यक्ष को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की एंटी करप्शन ब्रांच ने हिरासत में लिया है। आरोप है कि उन्होंने सरकारी योजना के तहत बैंक से ऋण दिलाने के नाम पर एक महिला से ₹50 हजार की घूस ली। पीड़िता की शिकायत पर सीबीआई ने जाल बिछाकर कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बघौली थाना क्षेत्र के अछरामऊ गांव की रहने वाली सीमा ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत ₹5 लाख का ऋण लेने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा में आवेदन किया था। आरोप है कि ऋण स्वीकृत कराने के नाम पर कछौना थाना क्षेत्र निवासी तथा बसपा के पूर्व जिला अध्यक्ष सुरेश चंद चौधरी ने महिला से ₹50 हजार की रिश्वत ली और आगे भी पैसे की मांग कर रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपी बैंक ऑफ बड़ौदा के बीसी प्वाइंट का संचालक भी है। खुद को ठगा महसूस होने पर पीड़िता ने सीबीआई से शिकायत की।
महिला की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सीबीआई की टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। विकासखंड कछौना के मुसलमानाबाद में चल रही एक पार्टी बैठक के दौरान बसपा नेता सुरेश चंद चौधरी और उनके एक साथी को हिरासत में लिया गया। इसके बाद दोनों को रेलवे स्टेशन बालामऊ के रनिंग रूम संख्या 3 में ले जाया गया, जहां लगभग छह घंटे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पीड़िता भी मौजूद रही और अपने बयान पर कायम रही।
कड़ी पूछताछ के बाद देर रात सीबीआई टीम आरोपी को अपने साथ लखनऊ ले गई, जबकि उसके साथी को छोड़ दिया गया। टीम अपने साथ मामले से जुड़े अभिलेख और अन्य संदिग्ध सामग्री भी ले गई है।
सीबीआई अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को रिश्वत लेने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा कहीं यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है।
वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए बसपा नेता ने कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक अधिकारियों की मिलीभगत के बिना इस तरह का रिश्वतखोरी का मामला संभव नहीं है।








