“कानपुर में 25 हजार का इनामी हत्यारोपी रानू पुलिस को चकमा देने के लिए सिर मुंडवाकर चित्रकूट पहुंचा। पुलिस ने उसी की तस्वीर दिखाकर पूछताछ की। जानें पूरा मामला।“
कानपुर। साढ़ थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहा 25 हजार रुपये का इनामी मुख्य हत्यारोपी रानू पुलिस को चकमा देने के लिए अपना हुलिया बदलकर घूमता रहा। पुलिस से बचने के लिए उसने चित्रकूट में सिर तक मुंडवा लिया। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस उसकी तलाश में चित्रकूट पहुंची और रानू के सामने ही उसकी तस्वीर दिखाकर पूछ लिया- ‘इसे कहीं देखा है?’ आरोपी ने भी कुछ पल चुप रहने के बाद जवाब दिया कि उसने उसे नहीं देखा है।
पुलिस के वहां से जाने के बाद जब टीम ने चित्रकूट के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो रानू की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी उसी इलाके में मौजूद था और हुलिया बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
मोबाइल फेंका, दूसरे के नंबर से वकील को किया फोन
पुलिस से बचने के लिए रानू लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। वह कई जिलों में बिना टिकट सफर करते हुए गोवा तक पहुंच गया। पुलिस की पकड़ से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन भी फेंक दिया।
हालांकि बाद में उसने किसी दूसरे व्यक्ति के नंबर से एक अधिवक्ता को फोन किया और आत्मसमर्पण करने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, आरोपी शुक्रवार को कानपुर की अदालत में आत्मसमर्पण कर सकता है।
घर में घुसकर युवक की हत्या का आरोप
मामला साढ़ थाना क्षेत्र के देवसढ़ गांव का है। यहां शुक्रवार रात मुमताज के घर में उसके पारिवारिक भाई शोयल खान उर्फ रानू अपने साथी बिधनू के दलेलपुर गांव निवासी आशीष उर्फ काशी के साथ घुसा था।
आरोप है कि दोनों ने मुमताज की पीट-पीटकर हत्या कर दी। विरोध करने पर उसकी पत्नी शाहजहां के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुख्य आरोपी रानू पर पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस की टीमें लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
पुलिस की आंखों के सामने बदला हुलिया
रानू ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सिर मुंडवाकर अपना हुलिया पूरी तरह बदल लिया था। यही वजह रही कि चित्रकूट में पुलिस टीम उसके करीब पहुंचने के बावजूद उसे पहचान नहीं सकी। पुलिस द्वारा उसकी तस्वीर दिखाकर पूछताछ किए जाने पर उसने खुद को अनजान बताते हुए बच निकलने की कोशिश की।
बाद में सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान होने के बाद पुलिस को आरोपी के शातिर तरीके से ठिकाने बदलने की जानकारी मिली। अब उसके आत्मसमर्पण की सूचना के बाद पुलिस की नजर कानपुर कोर्ट पर है।







