हर्षोल्लास के साथ मनाया गया कृष्ण–रुक्मणी विवाहोत्सव

राष्ट्रीय प्रस्तावना न्यूज़ नेटवर्क लखीमपुर : मैलानी स्थित सिद्धिविनायक पब्लिक स्कूल परिसर में चल रही श्रीमद्भागवत कथा के षष्ठ दिवस पर कृष्ण–रुक्मणी विवाहोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास व भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। वृंदावन धाम से पधारे आचार्य श्याम बिहारी चतुर्वेदी ने कथा का रसपूर्ण वर्णन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। आचार्य श्याम बिहारी चतुर्वेदी ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार अधर्म और आतंक के अंत के लिए हुआ। उन्होंने वृंदावन से मथुरा जाकर धनुष भंग, कुवलयापीड़ हाथी का वध तथा कंस का संहार किया। इसके उपरांत गुरुकुल में सान्दीपनि मुनि से शिक्षा प्राप्त की, जहां सुदामा जैसे परम मित्र मिले और 64 दिनों में 64 कलाओं का ज्ञान अर्जित किया। कथा के दौरान उद्धव–वृंदावन प्रसंग का वर्णन करते हुए आचार्य ने कहा कि ज्ञान के साथ प्रेम का होना आवश्यक है, बिना प्रेम के जीवन निरस हो जाता है। इसके पश्चात कृष्ण–रुक्मणी विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया गया। बताया गया कि भीष्मक राजा की पुत्री रुक्मणी का विवाह शिशुपाल से तय किया गया था, किंतु रुक्मणी ने भगवान श्रीकृष्ण को अपना वर चुना। पत्र प्राप्त होते ही द्वारकाधीश स्वयं रथ हांकते हुए कुंडिनपुर पहुंचे और सभी बाधाओं को पार कर रुक्मणी का हरण कर उन्हें द्वारका ले आए। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की पहली बारात बड़े धूमधाम से निकली और विवाह उत्सव उल्लासपूर्वक सम्पन्न हुआ।

विवाहोत्सव के दौरान पूरा पंडाल भक्ति से सराबोर रहा। श्रद्धालु भजनों पर झूमते-नाचते रहे और “मोहे प्यारो लागे सांवरिया” जैसे भजनों से वातावरण गुंजायमान हो उठा। इस अवसर पर पूरनपुर नगर अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता, खुटार नगर अध्यक्ष लक्ष्मण गुप्ता, कल्पना गुप्ता, मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति महेश्वरी, समाजसेवी भवानी शंकर महेश्वरी, गुरमीत कौर सहित गोला से आए भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय महेश्वरी, श्याम बाबा समिति सदस्य प्रमोद शर्मा, मीना शर्मा, संगीता यादव, अंशु महेश्वरी, संगीता महेश्वरी, देवेंद्र कटिहार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button