लखनऊ, 28 जुलाई। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को पुलिस महकमे में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव के तहत लखनऊ और प्रयागराज के पुलिस आयुक्तों समेत कई अहम पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जारी आदेश के अनुसार एडीजी सुरक्षा तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं अब तक लखनऊ पुलिस आयुक्त रहे अमरेंद्र के. सेंगर को पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) के साथ पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में प्रयागराज पुलिस आयुक्त जोगेंद्र कुमार को आईजी पीटीएस, मुरादाबाद भेजा गया है। उनकी जगह एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया को प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है।
तबादला सूची में अशोक मुथा जैन को पुलिस महानिदेशक, अग्निशमन एवं आपात सेवाएं नियुक्त किया गया है। मोहित गुप्ता को गृह विभाग के सचिव पद से हटाकर आईजी, भ्रष्टाचार निवारण संगठन भेजा गया है, जबकि आनंद सुरेश राव कुलकर्णी को उत्तर प्रदेश शासन में सचिव (गृह) की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा राम कुमार को एडीजी गोरखपुर जोन, नवीन अरोरा को एडीजी वाराणसी जोन, भगवान एस. श्रीवास्तव को एडीजी तकनीकी सेवाएं तथा डॉ. संजीव गुप्ता को एडीजी पुलिस मुख्यालय के साथ लॉजिस्टिक्स का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
राज्य सरकार का कहना है कि यह प्रशासनिक फेरबदल पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सुचारु बनाने की दिशा में किया गया है। पुलिस विभाग में हुए इस बदलाव को कानून-व्यवस्था के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।









