“Lucknow Train Murder Case में बड़ा खुलासा हुआ है। कुशीनगर निवासी पिता ने 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव के छह टुकड़े किए और उन्हें छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस में छोड़ दिया। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया।“
लखनऊ/कुशीनगर। लखनऊ स्टेशन पर छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस की बोगी में बक्से और बैग में युवती के शव के टुकड़े मिलने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि किशोरी की हत्या उसके पिता ने ही की थी। आरोपी ने अपनी 16 वर्षीय बेटी की हत्या कर शव के छह टुकड़े किए और पहचान छिपाने के लिए सिर अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया।

जीआरपी और आरपीएफ की जांच में कुशीनगर जिले के सेवरही निवासी बिग्गन अंसारी को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी बेटी शब्बा के एक युवक से फोन पर बातचीत करने से नाराज था। कई बार मना करने के बावजूद किशोरी के संपर्क में रहने से वह बेहद गुस्से में था।
‘इज्जत’ जाने का डर बना हत्या की वजह
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी को डर था कि उसकी बेटी भी परिवार की अन्य बेटियों की तरह प्रेम विवाह कर सकती है। बताया जा रहा है कि उसकी दो बेटियां पहले ही प्रेम विवाह कर चुकी थीं। इसी कारण वह शब्बा से नाराज रहने लगा था और उसे परिवार की बदनामी का डर सताने लगा था।

पहले रची साजिश, फिर दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पूरी वारदात पहले से योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दी। उसने पांच दिन पहले अपनी पत्नी और दोनों बेटों को रिश्तेदार के यहां भेज दिया था। घर पर सिर्फ किशोरी और उसकी बुजुर्ग दादी मौजूद थीं।
16 मई को आरोपी ने अपनी बहन नूरजहां और बहनोई मजबुल्लाह को घर बुलाया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर किशोरी की हत्या की और फिर धारदार हथियार से शव के कई टुकड़े कर दिए। पहचान छिपाने के लिए सिर को अलग कर गांव के तालाब में फेंक दिया गया।

बक्से में धड़, बैग में हाथ-पैर रख ट्रेन में छोड़ा
पुलिस के मुताबिक शव के बाकी हिस्सों को प्लास्टिक और पुराने कपड़ों में लपेटकर बक्से और बैग में पैक किया गया। इसके बाद आरोपी, उसकी बहन और बहनोई ई-रिक्शा से तमकुहीरोड स्टेशन पहुंचे और छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-1 में सामान रख दिया।
शव छोड़ने के बाद तीनों एसी कोच की तरफ से बाहर निकले। इसी दौरान रेलवे स्टेशन और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद हो गईं। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्धों तक पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

तालाब से बरामद हुआ कटा सिर और हथियार
सख्ती से पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को हत्या की पूरी कहानी बताई। उसकी निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से गांव के तालाब से किशोरी का कटा सिर और हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार बरामद कर लिया गया।

आज हो सकता है पुलिस का आधिकारिक खुलासा
जीआरपी मामले में विस्तृत खुलासा करने की तैयारी में है। अधिकारियों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, बरामदगी और आरोपी के बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जुड़ चुकी हैं। इस निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









