नितिन नवीन ने राष्ट्रीय महासचिवों के साथ की बैठक, संगठन और आगामी कार्यक्रमों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय महासचिवों के साथ बैठक की। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े और सुनील बंसल समेत कई नेता शामिल हुए।

बैठक के बाद नितिन नवीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों और आने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की गई।

चांदनी चौक में मार्च का नेतृत्व किया

इससे पहले बुधवार को नितिन नवीन ने भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत दिल्ली के चांदनी चौक में मार्च का नेतृत्व किया। यह मार्च ऐसे समय में निकाला गया, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर राजनीतिक बहस तेज है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाए हैं।

भाजपा ने अपने अभियान के जरिए विपक्ष के आरोपों का जवाब देने और पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं को एकजुट करने की कोशिश की है।

गांधी परिवार पर नितिन नवीन का निशाना

चांदनी चौक में मार्च के दौरान नितिन नवीन ने गांधी परिवार और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने ‘कांग्रेस-आई’ नाम को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि इसका मतलब ‘कांग्रेस-इंदिरा’ नहीं, बल्कि ‘इटैलियन कांग्रेस’ है। उन्होंने कांग्रेस की चुनावी हार को नागरिकों की ओर से किया गया ‘शुद्धिकरण’ भी बताया।

नितिन नवीन के इस बयान के साथ भाजपा और विपक्ष के बीच चुनाव प्रक्रिया तथा राजनीतिक आरोपों को लेकर जारी जुबानी जंग एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

Back to top button