
भोपाल: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में दो सगी बहनों और उनके चार बच्चों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। इनमें एक महिला आठ महीने की गर्भवती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों घटनाओं के बीच पारिवारिक संबंध होने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गुंगरगांव में पहली घटना
पहली घटना शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के गुंगरगांव की है। यहां 35 वर्षीय अंजली रावत और उनके छह साल के बेटे प्रशांत की मौत हो गई। घटना के दौरान अंजली की बड़ी बेटी मोनिका ने खुद को और अपनी दो छोटी बहनों को सुरक्षित बचा लिया। इसके बाद उसने परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दी।
परिजनों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले सड़क हादसे में अंजली के पति धर्मवीर सिंह रावत की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह गहरे मानसिक तनाव में थीं। पुलिस इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

बहन की मौत के बाद दूसरी घटना
दूसरी घटना सेसाई गांव से जुड़ी बताई जा रही है। अंजली की 40 वर्षीय सगी बहन सीता रावत अपने तीन बच्चों राखी (14), प्रियंका (11) और श्लोक (6) के साथ गई थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की।
तलाश के दौरान परिवार के लोगों को एक कुएं के पास कुछ सामान मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और बचाव दल ने रात करीब 11 बजे सीता और उनके तीनों बच्चों के शव बरामद किए। पुलिस के अनुसार, सीता आठ महीने की गर्भवती थीं। इस घटना में उनके गर्भस्थ शिशु की भी मौत हो गई।
दोनों बहनों के बीच था गहरा लगाव
परिजनों के मुताबिक, दोनों बहनों के बीच गहरा लगाव था और वे अक्सर फोन पर एक-दूसरे से बात करती थीं। रिश्तेदारों ने आशंका जताई है कि अंजली की मौत की खबर से सीता गहरे सदमे में आ गई थीं। हालांकि, दूसरी घटना के पीछे की परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस कर रही है दोनों मामलों की जांच
पुलिस ने दोनों घटनाओं में मर्ग कायम कर लिया है। शवों का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। पुलिस घटनाओं की परिस्थितियों और संभावित कारणों की जांच कर रही है।
इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।









