वाराणसी स्नातक एमएलसी सीट पर सपा की जीत, आशुतोष सिन्हा ने 19,932 वोटों से भाजपा प्रत्याशी को हराया

वाराणसी: वाराणसी स्नातक विधान परिषद (एमएलसी) सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत हासिल की है। अंतिम गणना के अनुसार, आशुतोष सिन्हा को 55,046 मत मिले। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 19,932 वोटों से हराया। जीत के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। मतगणना स्थल पर ढोल-नगाड़े बजाकर जश्न मनाया गया।

पहले चक्र से ही बनाए रखी बढ़त

पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर बुधवार से बृहस्पतिवार तक मतगणना चली। सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने शुरुआती चक्रों से ही बढ़त बना ली थी। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ी, उनकी बढ़त मजबूत होती गई।

छठे चक्र तक आशुतोष सिन्हा को 35,086 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह को 23,253 वोट प्राप्त हुए थे। इस चरण में सपा प्रत्याशी 11,833 वोटों से आगे थे।

12वें चक्र की गणना के बाद आशुतोष सिन्हा को 50,809 वोट मिले, जबकि केदारनाथ सिंह को 33,704 वोट प्राप्त हुए। इस समय सपा प्रत्याशी की बढ़त 17,105 वोटों की हो गई थी। आगे की गणना में भी आशुतोष सिन्हा की बढ़त बनी रही और अंतिम परिणाम में उन्होंने जीत दर्ज की।

मतगणना के दौरान सपा-भाजपा कार्यकर्ताओं में नोकझोंक

मतगणना के दौरान सपा और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच नोकझोंक भी हुई। बुधवार शाम भाजपा नेताओं, मंत्रियों और कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। वहीं, मतगणना की प्रक्रिया को लेकर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने शुरुआती चरण में गड़बड़ी की आशंका जताई थी।

उन्होंने सवाल उठाया था कि दो चक्रों की गिनती पूरी होने के बाद भी आधिकारिक आंकड़े घोषित क्यों नहीं किए जा रहे हैं और मतगणना का विवरण डिस्प्ले बोर्ड पर क्यों नहीं दिखाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले का संज्ञान लेने की मांग की थी।

इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डिस्प्ले बोर्ड की तस्वीर पोस्ट की।

जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न

आशुतोष सिन्हा की जीत के बाद मतगणना स्थल पर सपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया। वाराणसी के अलावा आसपास के जिलों से भी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे।

जश्न के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश की आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी।

आशुतोष सिन्हा की जीत से वाराणसी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

Back to top button