
लखनऊ: दिवाली और छठ पर्व के दौरान उत्तर प्रदेश के लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए बिजली विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि दीपावली रोशनी का त्योहार है, इसलिए अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि बकाया बिजली बिल की वसूली के नाम पर त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटकर उन्हें परेशान न किया जाए। हालांकि, बड़े और संगठित बिजली चोरों के खिलाफ नियमों के मुताबिक सख्त कार्रवाई करने को कहा गया है। उन्होंने छोटे उपभोक्ताओं को बेवजह परेशान न करने की भी हिदायत दी।
लंबित बिजली कनेक्शन के आवेदनों का जल्द होगा निस्तारण
मंत्री ने झटपट पोर्टल पर बिजली कनेक्शन के लिए लंबित आवेदनों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही निरस्त किए गए आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था में सुधार करने को कहा।

उन्होंने जोर दिया कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकाया बिल वाले उपभोक्ताओं के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या नहीं होनी चाहिए। जिन इलाकों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की जरूरत है, वहां तुरंत क्षमता विस्तार किया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान बिजली की मांग बढ़ने पर आपूर्ति प्रभावित न हो।
नवंबर के बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिल में 9.70 प्रतिशत की राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। उनके मुताबिक, घरेलू, व्यावसायिक और अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने इस राहत का लाभ मिलेगा।
नई नगर पंचायतों में भी बेहतर होगी बिजली आपूर्ति
ऊर्जा मंत्री ने नवसृजित नगर पंचायतों में बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों में भी मुख्यालयों की तरह निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को तैयार है। ऐसे में संबंधित क्षेत्रों में बिजली से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए तेजी से काम किया जाए।
बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार, एमडी मयूर माहेश्वरी और विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।







