‘राष्ट्र के लिए बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता’, मन की बात में पीएम मोदी ने कारगिल के वीर जवानों को किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 136वें मन की बात कार्यक्रम में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि देश के लिए दिया गया बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। पीएम ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और जल संरक्षण अभियान का भी जिक्र किया।

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड में कारगिल विजय दिवस के मौके पर देश के वीर जवानों को याद किया। उन्होंने कहा कि कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें याद करने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती। 26 जुलाई का दिन कारगिल विजय दिवस के रूप में देशवासियों को हमेशा गर्व और प्रेरणा से भर देता है।

पीएम मोदी ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए दिए गए बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कारगिल के वीरों के साहस को किया याद

प्रधानमंत्री ने कहा कि कारगिल की ऊंची चोटियों, खराब मौसम और दुश्मन की चुनौतियों के बावजूद भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों का हौसला हर मुश्किल परिस्थिति से बड़ा था और उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कारगिल विजय दिवस पर सभी शहीद सैनिकों और वीर जवानों को नमन करते हुए कहा कि उनकी वीरता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।

‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’ का किया जिक्र

पीएम मोदी ने इस वर्ष आयोजित की जा रही ‘शौर्य विजय यात्रा’ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल यात्रा 14 जुलाई को दिल्ली स्थित नेशनल वॉर मेमोरियल से शुरू हुई है और द्रास स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा का संदेश है— ‘वन राइड, वन नेशन, वन सैल्यूट’। यह अभियान देशवासियों को याद दिलाता है कि भारत की सुरक्षा के लिए दिए गए बलिदानों को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा।

रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत

प्रधानमंत्री ने रक्षा क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि हाल ही में भारतीय नौसेना में शामिल किया गया आईएनएस महेंद्रगिरी पूरी तरह स्वदेशी प्रयासों का उदाहरण है। इस युद्धपोत में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।

उन्होंने डीआरडीओ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण और कुशा मिसाइल का परीक्षण देश की रक्षा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

रक्षा निर्यात में बढ़ रहा दुनिया का भरोसा

पीएम मोदी ने कहा कि भारत आज रक्षा उत्पादन, रक्षा निर्यात और मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों को लेकर हुई डील का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा उपकरणों और तकनीक पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है।

‘कैच द रेन’ अभियान पर भी बोले पीएम

मन की बात में प्रधानमंत्री ने जल संरक्षण को लेकर चल रहे ‘कैच द रेन’ अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 4 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान के तहत वर्षा जल संचयन, भूजल रिचार्ज, पुराने जल स्रोतों के पुनर्जीवन और पौधरोपण को बढ़ावा दिया जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि गांवों, शहरों, पंचायतों और सामाजिक संगठनों ने इस अभियान में उत्साह के साथ भाग लिया है। उन्होंने जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने के लिए देशवासियों के प्रयासों की सराहना की।

युवाओं और देश निर्माण पर दिया संदेश

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण, नवाचार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत की ताकत देशवासियों के सामूहिक प्रयासों और संकल्प में है।

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button