ईरान की मिसाइलों के खतरे के बीच होर्मुज पार कर मुंबई पहुंचा तेल टैंकर

मिडिल ईस्ट तनाव के बीच सऊदी अरब से 1.35 लाख मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर ‘शेनलॉन्ग’ टैंकर सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर मुंबई पहुंचा। इससे भारत में तेल और एलपीजी आपूर्ति को राहत मिलने की उम्मीद है।

नई दिल्ली / मुंबई। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सऊदी अरब से कच्चा तेल लेकर आने वाला बड़ा क्रूड टैंकर ‘शेनलॉन्ग’ सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार कर मुंबई पहुंच गया है।

करीब 1,35,335 मीट्रिक टन कच्चा तेल लेकर आया यह टैंकर मिडिल ईस्ट में दो सप्ताह से अधिक समय से चल रहे तनाव के बाद भारत पहुंचने वाला पहला बड़ा जहाज माना जा रहा है।

भारतीय कैप्टन की सूझबूझ से सुरक्षित यात्रा

सूत्रों के मुताबिक, टैंकर ने विवादित क्षेत्र से गुजरते समय अपनी ट्रैकिंग प्रणाली कुछ समय के लिए बंद कर दी थी, ताकि संभावित हमलों और निगरानी से बचा जा सके।

यह रणनीति जहाज के भारतीय कैप्टन की सूझबूझ का हिस्सा मानी जा रही है, जिसकी बदौलत जहाज सुरक्षित रूप से भारत पहुंच सका।

सऊदी अरब के रास तनूरा से हुआ था रवाना

लाइबेरिया ध्वज वाला यह सुएजमैक्स श्रेणी का टैंकर 1 मार्च को रास तनूरा बंदरगाह से रवाना हुआ था।
8 मार्च को इसने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया और अंततः बुधवार को मुंबई बंदरगाह पहुंच गया।

मुंबई पोर्ट पर शुरू हुई तेल उतारने की प्रक्रिया

टैंकर दोपहर करीब 1 बजे मुंबई के बंदरगाह पर पहुंचा और शाम तक जवाहर द्वीप पर इसकी बर्थिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

मुंबई पोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक जहाज से कच्चा तेल उतारने का काम शुरू हो चुका है, जिसे पूरा होने में लगभग 36 घंटे लग सकते हैं।

महुल रिफाइनरी भेजा जाएगा क्रूड ऑयल

जहाज से उतारा गया कच्चा तेल महुल क्षेत्र की रिफाइनरी में भेजा जाएगा, जहां इसे प्रोसेस कर पेट्रोल, डीजल और एलपीजी जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस टैंकर के पहुंचने से देश में तेल और एलपीजी की संभावित किल्लत को लेकर बनी चिंता कुछ हद तक कम हो सकती है

“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button