“C. Joseph Vijay के नेतृत्व वाली TVK सरकार के फ्लोर टेस्ट के दौरान कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML ने समर्थन का एलान किया है। वहीं AIADMK ने सरकार के खिलाफ वोटिंग का फैसला किया है।”
तमिलनाडु। विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार के बहुमत परीक्षण की कार्यवाही बुधवार को तमिलनाडु विधानसभा में शुरू हो गई। मुख्यमंत्री विजय ने सदन में विश्वास प्रस्ताव पेश करते हुए अपनी सरकार के लिए बहुमत साबित करने की प्रक्रिया शुरू की। इस दौरान कई विपक्षी और सहयोगी दलों ने खुलकर टीवीके सरकार को समर्थन देने का एलान किया।
कांग्रेस ने विधानसभा में विश्वास मत के दौरान विजय सरकार के समर्थन की घोषणा की। वहीं, सीपीआईएम और सीपीआई ने भी टीवीके सरकार के पक्ष में खड़े होने की बात कही। इसके अलावा वीसीके और IUML ने भी सरकार को समर्थन देने का एलान किया।
वीसीके ने समर्थन के साथ सरकार के सामने एक महत्वपूर्ण मांग भी रखी। पार्टी ने महाराष्ट्र और कर्नाटक की तर्ज पर तमिलनाडु में अंधविश्वास विरोधी कानून लागू करने की अपील की। वहीं IUML नेताओं ने सदन में कहा कि विजय सरकार की शुरुआती कार्यशैली सकारात्मक संकेत दे रही है।
717 शराब दुकानों को बंद करने के फैसले की सराहना
IUML और डीएमडीके ने राज्य में 717 शराब दुकानों को बंद करने के फैसले की सराहना की। IUML ने इसे टीवीके सरकार की “अच्छी शुरुआत” बताया। डीएमडीके ने भी इस फैसले का स्वागत किया, हालांकि विशेष ड्यूटी पर अधिकारी की नियुक्ति को लेकर सवाल उठाए।
इस दौरान एएमएमके से निष्कासित किए जा चुके एस. कामराज ने भी विजय सरकार का समर्थन किया।
डीएमके ने उठाए कई मुद्दे
डीएमके विधायक थामिमुन अंसारी ने विशेष ड्यूटी अधिकारी की नियुक्ति के मुद्दे पर सरकार की आलोचना की। वहीं डीएमके के एमएच जवाहरुल्लाह ने कहा कि तमिलनाडु सरकार के सभी कार्यक्रमों में तमिल राष्ट्रगान को सर्वोच्च स्थान मिलना चाहिए।
भाजपा तटस्थ, AIADMK करेगी विरोध
फ्लोर टेस्ट के दौरान भाजपा ने अपना रुख “तटस्थ” बताया है। वहीं पीएमके ने मतदान से दूर रहने का फैसला किया है। दूसरी ओर Edappadi K. Palaniswami ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी टीवीके सरकार के खिलाफ मतदान करेगी।
तमिलनाडु की राजनीति में यह फ्लोर टेस्ट बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि द्रविड़ दलों के लंबे वर्चस्व के बाद पहली बार टीवीके सत्ता में पहुंची है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








