“उत्तर प्रदेश सरकार ने 9 वरिष्ठ IPS अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। बिनोद कुमार सिंह को UP-112 का अतिरिक्त प्रभार मिला है, जबकि आलोक सिंह को डीजी पीएसी बनाया गया है। जानिए पूरी ट्रांसफर लिस्ट।“
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में व्यापक फेरबदल किया। प्रदेश के नौ वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। सरकार के इस फैसले को कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
इस फेरबदल में डीजी सीआईडी एवं साइबर क्राइम बिनोद कुमार सिंह को यूपी-112 का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अब वह सीआईडी और साइबर क्राइम के साथ-साथ यूपी-112 लखनऊ की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

जय नारायण सिंह को मिली ईओडब्ल्यू की कमान
सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जय नारायण सिंह को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, लखनऊ से हटाकर आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) उत्तर प्रदेश का पुलिस महानिदेशक बनाया गया है।
वहीं ध्रुव कांत ठाकुर को पुलिस महानिदेशक एवं महासमादेष्टा होमगार्ड उत्तर प्रदेश के साथ नागरिक सुरक्षा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
आलोक सिंह बने डीजी पीएसी
आलोक सिंह को पीएसी मुख्यालय, उत्तर प्रदेश का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। उनके पास विशेष सुरक्षा बल का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा।
बताया जा रहा है कि आलोक सिंह को यह जिम्मेदारी प्रोन्नति के बाद दी गई है। वह पहले कानपुर जोन में एडीजी पद पर तैनात थे।
कानपुर और आगरा जोन में नए एडीजी
सरकार ने जोन स्तर पर भी कई अहम बदलाव किए हैं।
अनुपम कुलश्रेष्ठ को कानपुर जोन का अपर पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं एसके भगत को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया है।
इसके अलावा ए सतीश गणेश को यातायात एवं सड़क सुरक्षा निदेशालय के साथ अपराध शाखा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशिक्षण निदेशालय और पावर कॉरपोरेशन में भी बदलाव
डॉ. आरके स्वर्णकार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में अपर पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं गीता सिंह को प्रशिक्षण निदेशालय, उत्तर प्रदेश में पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है।
प्रोन्नति के बाद मिली नई जिम्मेदारी
तबादलों के साथ कई अधिकारियों को प्रोन्नति के बाद नई तैनाती भी दी गई है।
जय नारायण सिंह एडीजी से डीजी पद पर प्रोन्नत हुए हैं और उन्हें ईओडब्ल्यू की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी तरह आलोक सिंह भी एडीजी से प्रोन्नत होकर डीजी पीएसी बनाए गए हैं।
सरकार का मानना है कि इस प्रशासनिक फेरबदल से प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









