यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट, लखनऊ-मथुरा समेत कई शहर जलमग्न

UP Rain Alert: उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। लखनऊ, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज और रायबरेली समेत कई शहरों में भारी बारिश से जलभराव, स्कूल बंद और 10 नदियां उफान पर हैं। पढ़ें पूरा मौसम अपडेट।

लखनऊ।UP Rain Alert के बीच उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, नोएडा, मथुरा, उन्नाव, आगरा, बाराबंकी और अमेठी समेत प्रदेश के कई हिस्सों में रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 72 जिलों में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।

मथुरा में भारी बारिश के कारण अंडरपास में करीब 4 फीट तक पानी भर गया, जिससे कई बाइक और स्कूटी डूब गईं। लोगों को कमर तक पानी में निकलना पड़ा। लखनऊ और उन्नाव में सोमवार रात से लगातार बारिश जारी है, जिससे सड़कें जलमग्न हो गईं और कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

रायबरेली में भारी वर्षा को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। आगरा के कई निजी स्कूलों ने भी एहतियात के तौर पर छुट्टी कर दी। वहीं बाराबंकी में बस स्टेशन परिसर जलमग्न हो गया, जबकि अमेठी में लंबे इंतजार के बाद अच्छी बारिश दर्ज की गई।

लगातार हो रही बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। गंगा, घाघरा, शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर के कई गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं और कुछ क्षेत्रों में नावों से आवागमन किया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button