
पटना: बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार को घर में हल्दी और मेहंदी की रस्म आयोजित की जा रही है। समारोह को खास बनाने के लिए भव्य सजावट की गई है। शादी की तैयारियों का जायजा खुद अनंत सिंह लेते नजर आए।
खुद तैयारियों की निगरानी कर रहे अनंत सिंह
दो दिनों तक हुई बारिश के बाद सोमवार सुबह से ही अनंत सिंह शादी की व्यवस्थाओं में जुट गए। मुख्य पंडाल से लेकर जयमाला के स्टेज तक हर इंतजाम पर उनकी नजर है। हल्दी की रस्म के लिए भी विशेष मंच तैयार किया गया है। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर भी आकर्षक सजावट की गई है।
25 नवंबर को होगी बेटी की शादी
शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होनी है। इससे पहले 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित किया जा चुका है। शादी का आयोजन बाढ़ के नदावां में किया जा रहा है। समारोह में बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। करीब चार लाख लोगों के आने का दावा किया जा रहा है। मेहमानों के ठहरने और खाने-पीने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दामाद को डिफेंडर देने पहुंचे थे अनंत सिंह
बेटी की शादी से पहले अनंत सिंह उस समय भी चर्चा में आए थे, जब वह गाड़ियों के काफिले के साथ अपने होने वाले दामाद को डिफेंडर कार देने पहुंचे थे। शादी को लेकर परिवार में उत्साह का माहौल है। अब सभी की नजर 25 नवंबर को होने वाले मुख्य विवाह समारोह पर टिकी है, जिसमें कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।









