
दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 के विजेताओं के नामों का ऐलान कर दिया गया है। इस बार भारतीय सिनेमा के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियों को भी सम्मानित किया गया है। पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट, अभिनेता कमल हासन, कॉमेडियन समय रैना और हॉलीवुड फिल्ममेकर जेम्स कैमरून जैसे नाम इस सूची में शामिल हैं। विजेताओं की घोषणा 20 नवंबर को फेस्टिवल के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर की गई।
‘धुरंधर’ बनी बेस्ट फिल्म
इस साल फिल्म ‘धुरंधर’ ने बड़ा पुरस्कार अपने नाम किया है। फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया, जबकि इसके लिए रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का खिताब मिला। फिल्म के निर्माता आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर को भी सम्मानित किया गया। वहीं, आदित्य धर को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिला।
समय रैना और टेलर स्विफ्ट को भी मिला सम्मान
कॉमेडियन समय रैना को ‘कॉमेडियन ऑफ द ईयर’ चुना गया है। वहीं, अमेरिकी पॉप स्टार टेलर स्विफ्ट को ‘इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर’ का सम्मान दिया गया। हॉलीवुड अभिनेता माइकल बी. जॉर्डन को फिल्म ‘सिनर्स’ के लिए अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया। जेम्स कैमरून को ग्लोबल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कमल हासन और स्मृति ईरानी भी सूची में शामिल
भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता कमल हासन को फिल्म इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान मिला। वहीं, स्मृति ईरानी को ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2’ में अभिनय के लिए सम्मानित किया गया। आर्यन खान को वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक चुना गया। अभिनेता अक्षय खन्ना को फिल्म ‘धुरंधर’ में अभिनय के लिए सम्मान दिया गया।
‘सैयारा’ ने जीता सॉन्ग ऑफ द ईयर
फिल्म ‘सैयारा’ के गाने को साल का सर्वश्रेष्ठ गाना चुना गया। इस फिल्म के लिए अनीत पड्डा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिला, जबकि फहीम अब्दुल्ला को सर्वश्रेष्ठ प्लेबैक सिंगर चुना गया। संगीतकार इलैयाराजा को संगीत जगत में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
विजेताओं की पूरी सूची
- टेलर स्विफ्ट – इंटरनेशनल आर्टिस्ट ऑफ द ईयर
- समय रैना – कॉमेडियन ऑफ द ईयर
- जेम्स कैमरून – ग्लोबल सिनेमा में उत्कृष्ट योगदान
- माइकल बी. जॉर्डन – अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (सिनर्स)
- कमल हासन – फिल्म इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान
- स्मृति ईरानी – अभिनय के लिए सम्मान (क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2)
- आर्यन खान – वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक (द बैड्स ऑफ बॉलीवुड)
- पॉल थॉमस एंडरसन – अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
- अक्षय खन्ना – अभिनय के लिए सम्मान (धुरंधर)
- अवतार: फायर एंड ऐश – सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय फिल्म
- तारक मेहता का उल्टा चश्मा – साल का सर्वश्रेष्ठ टेलीविजन शो
- धुरंधर – सर्वश्रेष्ठ फिल्म
- आदित्य धर, ज्योति देशपांडे और लोकेश धर – सर्वश्रेष्ठ निर्माता
- रणवीर सिंह – सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (धुरंधर)
- अनीत पड्डा – सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (सैयारा)
- इलैयाराजा – संगीत जगत में उत्कृष्ट योगदान
- कांतारा: चैप्टर 1 – क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ फिल्म
- ऋषभ शेट्टी – क्रिटिक्स के सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
- यामी गौतम धर – क्रिटिक्स की सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री
- आदित्य धर – सर्वश्रेष्ठ निर्देशक
- विनीत कुमार सिंह – सहायक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
- रितेश देशमुख – कॉमिक भूमिका में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता
- करण औजला – साल के सर्वश्रेष्ठ कलाकार
- सैयारा – साल का सर्वश्रेष्ठ गाना
- फहीम अब्दुल्ला – सर्वश्रेष्ठ प्लेबैक सिंगर (सैयारा)
- द बैड्स ऑफ बॉलीवुड – सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज
- जयदीप अहलावत – वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता (पाताल लोक)
- शेफाली शाह – वेब सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री (दिल्ली क्राइम 3)
क्या है दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल?
दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल एक निजी फिल्म समारोह और पुरस्कार आयोजन है। इसका नाम भारतीय सिनेमा के जनक दादासाहेब फाल्के के नाम पर रखा गया है। इस समारोह में फिल्म, टेलीविजन, संगीत और डिजिटल मनोरंजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाली हस्तियों को सम्मानित किया जाता है।








