बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक बदला भारत, IIT खड़गपुर में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के दौरे पर आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल हुए। संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के मौके पर उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। इस दौरान पीएम मोदी ने छात्रों से बातचीत की, तकनीकी प्रदर्शनी का जायजा लिया और भारत के विकास में संस्थान के योगदान को याद किया।

75 साल में बदली देश की तस्वीर

पीएम मोदी ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर ने अपने 75 वर्षों के सफर में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। इस दौरान भारत ने भी बड़े बदलाव देखे हैं। देश ने बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक और डाक के पत्रों से सोशल मीडिया तक का सफर तय किया है। इन बदलावों के हर दौर में देश के पहले आईआईटी की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि इस संस्थान से जुड़ी कई यादें ऐसी हैं, जो जीवनभर साथ रहती हैं। यहां के हॉस्टल को हॉल कहा जाता है और हर विद्यार्थी को अपने हॉल पर गर्व होता है।

जहां कभी स्वतंत्रता सेनानी रहे थे बंद

प्रधानमंत्री ने संस्थान के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए बताया कि जिस जगह आज आईआईटी खड़गपुर स्थित है, वहां कभी डिटेंशन कैंप हुआ करता था। इस स्थान पर स्वतंत्रता सेनानियों को रखा जाता था।

उन्होंने कहा कि उन सेनानियों के मन में देश को आजाद और मजबूत देखने का सपना था। आज उसी धरती पर युवा अपनी प्रतिभा और नए आविष्कारों के जरिए भारत को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दे रहे हैं।

गरीबी को लेकर पुरानी सोच पर कही बात

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में गरीबी उन्मूलन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पहले गरीबी को ऐसी समस्या माना जाता था, जिसका समाधान मुश्किल समझा जाता था। उनके मुताबिक, नीतिगत फैसलों की कमी के कारण कई मुद्दे फाइलों तक ही सीमित रह जाते थे।

उन्होंने अपने पहले कार्यकाल के दौरान लाल किले से गरीबों के घरों में शौचालय निर्माण की घोषणा का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि उस समय कुछ लोगों ने इस घोषणा पर सवाल उठाए थे, लेकिन गरीब परिवारों और खासकर महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा बेहद जरूरी थी।

विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईटी खड़गपुर के 75 वर्षों का अनुभव आने वाले समय में देश के विकास और तकनीकी नवाचार को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने युवाओं से देश की आकांक्षाओं को पूरा करने और नए अवसरों को विकसित करने की अपील की।

पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जब आईआईटी खड़गपुर की शुरुआत हुई थी, तब देश को उद्योगों और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए इंजीनियरों की जरूरत थी। समय के साथ संस्थान के विद्यार्थियों ने अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी योगदान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि युवाओं की आकांक्षाओं को आत्मनिर्भरता में बदलने का प्रयास ही विकसित भारत के निर्माण की असली ताकत बनेगा।

Back to top button