
मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात ड्रग कार्टेल सरगना की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी। सुरक्षा बलों और कार्टेल से जुड़े संदिग्ध सदस्यों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में 11 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सात कथित कार्टेल सदस्य और चार सैनिक शामिल हैं। घटना के बाद गुआसावे शहर में दहशत फैल गई। कई जगह वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और सड़कों पर गोलीबारी होती रही।
कौन है गिरफ्तार किया गया सरगना?
सुरक्षा बलों ने फॉस्टो इसिड्रो मेजा-फ्लोरेस उर्फ ‘एल चापो इसिड्रो’ को गिरफ्तार किया है। मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, शनिवार को गिरफ्तारी के बाद उसे सैन्य विमान से राजधानी मेक्सिको सिटी ले जाया गया।
मेजा-फ्लोरेस अमेरिका की 10 सर्वाधिक वांछित भगोड़ों की सूची में शामिल था। उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले के लिए अमेरिकी प्रशासन ने 50 लाख डॉलर यानी करीब 42 करोड़ रुपये का इनाम घोषित किया था।
रातभर होती रही गोलीबारी
गुआसावे शहर में शुक्रवार शाम करीब सात बजे गोलीबारी शुरू हुई। देखते ही देखते हालात बिगड़ने लगे। आसमान में सैन्य हेलीकॉप्टर और ड्रोन मंडराने लगे, जबकि शहर के अलग-अलग इलाकों में गोलियों की आवाज सुनाई देने लगी।
इस दौरान संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने कई कारों, ट्रकों और अन्य वाहनों में आग लगा दी। जलते वाहनों के कारण कई प्रमुख रास्ते बंद हो गए। कुछ वीडियो में बेसबॉल मैच के दौरान गोलीबारी की आवाज सुनकर लोगों को जान बचाने के लिए भागते हुए देखा गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हिंसा का असर पूरे शहर में देखने को मिला। कई दुकानों और वाहनों को निशाना बनाया गया। डर के कारण लोगों ने घरों और दुकानों के अंदर छिपकर रात बिताई।
ऐसे हुई सरगना की गिरफ्तारी
मेक्सिको के अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा बलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि मेजा-फ्लोरेस एक इमारत में मौजूद है। इसके बाद सैनिकों ने उस स्थान को घेर लिया।
इसी दौरान संदिग्ध कार्टेल सदस्यों ने हथियारों और विस्फोटकों से सुरक्षा बलों पर हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई के बाद सैनिक एक घर में दाखिल हुए और कार्टेल सरगना को गिरफ्तार कर लिया। इस पूरे अभियान में कुल आठ लोगों को हिरासत में लिया गया।
एक संघीय अधिकारी के मुताबिक, कार्टेल सदस्यों ने जलते वाहनों के जरिए शहर में कम से कम 10 जगहों पर सड़कें अवरुद्ध कर दी थीं। सुरक्षा बलों को आरोपी को सुरक्षित बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शनिवार सुबह करीब चार बजे उसे शहर से बाहर ले जाया जा सका।
बेल्ट्रान लेवा कार्टेल से रहा है संबंध
फॉस्टो इसिड्रो मेजा-फ्लोरेस ने आपराधिक गतिविधियों के जरिए अपना प्रभाव बढ़ाया था। वह बेल्ट्रान लेवा कार्टेल का प्रमुख बना और बाद में उसने अपना अलग आपराधिक नेटवर्क तैयार कर लिया। इस संगठन को मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन के नाम से जाना जाता है।
अमेरिकी एजेंसियों के अनुसार, वह मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में वांछित था। इसके अलावा वह सिनालोआ कार्टेल के ‘लॉस मायोस’ गुट का भी अहम सहयोगी माना जाता था। अमेरिकी प्रशासन ने इस गुट को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया था।
अमेरिका की खुफिया जानकारी से मिली मदद
मेक्सिको सरकार की शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस अभियान में अमेरिकी प्रशासन की ओर से मिली खुफिया जानकारी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हालांकि, दोनों देशों की एजेंसियों के बीच सहयोग से जुड़ी पूरी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
मेक्सिको में अमेरिका के राजदूत रोनाल्ड जॉनसन ने इस गिरफ्तारी को दोनों देशों के बीच सहयोग और विश्वास का नतीजा बताया। वहीं, मेक्सिको के सुरक्षा सचिव उमर गार्सिया हार्फुच ने इसे सिनालोआ में शांति बहाल करने की दिशा में अहम कार्रवाई बताया।
गिरफ्तारी के बाद बढ़ सकता है हिंसा का खतरा
विशेषज्ञों का मानना है कि बड़े आपराधिक गिरोहों के सरगनाओं की गिरफ्तारी के बाद उनके संगठन में सत्ता को लेकर संघर्ष शुरू हो सकता है। इससे कई बार हिंसा और बढ़ जाती है।
सुरक्षा विश्लेषकों के मुताबिक, किसी बड़े अपराधी की गिरफ्तारी से पूरा नेटवर्क खत्म नहीं होता। हथियारबंद गिरोह, स्थानीय तस्कर और अवैध कारोबार से जुड़े लोग सक्रिय रह सकते हैं। ऐसे में मेजा-फ्लोरेस की गिरफ्तारी के बावजूद उसके संगठन का प्रभाव पूरी तरह समाप्त होना मुश्किल माना जा रहा है।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से कार्टेल के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दबाव भी बना हुआ है। ऐसे में इस गिरफ्तारी को सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। हालांकि, गुआसावे में हुई हिंसा ने साफ कर दिया है कि कार्टेल नेटवर्क के खिलाफ लड़ाई अभी लंबी हो सकती है।








