“इटावा के लवेदी क्षेत्र स्थित भोगनीपुर नहर में नहाते समय 4 किशोरियां डूब गईं। ग्रामीणों ने 3 को सुरक्षित बचा लिया, जबकि 15 वर्षीय उपासना लापता है। पुलिस, गोताखोर और SDRF टीम तलाश अभियान चला रही है।“
इटावा। लवेदी थाना क्षेत्र के धर्मपुरा गांव में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। भोगनीपुर नहर में नहाने गई चार किशोरियां तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगीं। ग्रामीणों की सूझबूझ से तीन किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक किशोरी लापता हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
गांव निवासी नरेश राजपूत ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री उपासना अपनी सहेलियों निधि, छाया और दीक्षा के साथ खेतों में कूड़ा डालने गई थी। काम खत्म करने के बाद चारों किशोरियां पास से गुजर रही भोगनीपुर नहर में नहाने उतर गईं।
बताया गया कि नहर में पानी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान उपासना अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में बाकी तीनों सहेलियां भी पानी के तेज बहाव में फंस गईं।
उसी समय गांव के ओमकार सिंह की नजर नहर में डूब रही किशोरियों पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और किसी तरह निधि, छाया और दीक्षा को बाहर निकाल लिया, लेकिन उपासना पानी के तेज बहाव में बह गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और रस्सियों की मदद से किशोरी की तलाश शुरू कर दी।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लवेदी अनिल विश्वकर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को भी बुला लिया है। गोताखोरों की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
पुलिस ने सिंचाई विभाग से नहर का पानी कम कराने को भी कहा है, ताकि लापता किशोरी की तलाश में आसानी हो सके। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”









