“Modi Government 12 Years के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम बनकर उभरा है। जानिए पत्र में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, आवास, उज्ज्वला और किसान योजनाओं को लेकर क्या लिखा गया।“
लखनऊ। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पत्र लिखकर शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं, जबकि उत्तर प्रदेश ‘आस्था और अर्थव्यवस्था का अद्भुत संगम’ बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र ने पिछले 12 वर्षों में भारत को नई दिशा, नई गति और नया आत्मविश्वास दिया है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार जैसे ऐतिहासिक कार्य देश की सांस्कृतिक चेतना को नई ऊर्जा प्रदान करने वाले साबित हुए हैं।
केंद्र की योजनाओं से बदली प्रदेश की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने पत्र में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के उत्तर प्रदेश में हुए प्रभाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करीब 65 लाख परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए लगभग 10 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। वहीं प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत करीब 15 करोड़ लोगों को निशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिला सशक्तिकरण और किसानों के उत्थान पर जोर
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से प्रदेश की 1.86 करोड़ महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। वहीं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से तीन करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है।
उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सॉयल हेल्थ कार्ड और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना जैसी योजनाओं को भी किसानों के लिए लाभकारी बताते हुए कहा कि इन पहलों ने कृषि क्षेत्र को नई मजबूती प्रदान की है।

विकसित भारत के संकल्प में यूपी निभा रहा अग्रणी भूमिका
मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश जनकल्याण, सुशासन और समावेशी विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा।
पत्र के अंत में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, सफल और दीर्घ नेतृत्व की कामना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश केंद्र सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
“देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक, मनोरंजन और खेल और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए ‘राष्ट्रीय प्रस्तावना’ के साथ जुड़े रहें। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।”








