ओबामा ने ट्रंप पर साधा निशाना, बोले- दो साल की अफरा-तफरी, भ्रष्टाचार और क्रूरता के बाद अब बहुत हुआ

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की कड़ी आलोचना की है। ओहियो और मिशिगन में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों के समर्थन में चुनाव प्रचार करते हुए ओबामा ने ट्रंप प्रशासन पर भ्रष्टाचार, क्रूरता और गलत फैसले लेने के आरोप लगाए।

ओहियो के क्लीवलैंड में एक रैली के दौरान ओबामा ने ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि यह एक अनावश्यक युद्ध था, जिसकी जरूरत नहीं थी। उन्होंने लोगों से रिपब्लिकन उम्मीदवारों के खिलाफ वोट करने की अपील भी की।

मिशिगन की रैली में भी ट्रंप पर हमला

ओबामा ने मिशिगन के डेट्रॉइट में सीनेट उम्मीदवार अब्दुल अल-सैयद और गवर्नर पद की डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जोसलिन बेन्सन के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने 3 नवंबर को होने वाले मतदान को ट्रंप के फैसलों पर लगाम लगाने का मौका बताया।

ओबामा ने आरोप लगाया कि ट्रंप के नेतृत्व में सरकारी धन का गलत इस्तेमाल हो रहा है। उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उसकी सरकार भ्रष्टाचार और अक्षमता के आरोपों से घिरी हुई है।

ईरान युद्ध और होर्मुज जलडमरूमध्य का किया जिक्र

ओबामा ने ईरान युद्ध को लेकर ट्रंप प्रशासन के जीत के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस संघर्ष के कारण ईरान की स्थिति मजबूत हुई है। उनके मुताबिक, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों पर हमले की धमकियों से वैश्विक तेल आपूर्ति और निर्यात प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

ओबामा ने कहा कि अब इस अहम समुद्री रास्ते पर ईरान का प्रभाव बढ़ गया है। दुनिया के कई देशों तक तेल पहुंचाने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य बेहद महत्वपूर्ण है।

ओहियो के चुनावी विवाद पर भी बोले ओबामा

पूर्व राष्ट्रपति ने ओहियो के गवर्नर चुनाव को लेकर हुए विवाद पर भी टिप्पणी की। यह विवाद रिपब्लिकन उम्मीदवार विवेक रामास्वामी के उस विज्ञापन से जुड़ा था, जिसमें डेमोक्रेटिक उम्मीदवार एमी एक्टन पर तीखे हमले किए गए थे।

ओबामा ने अपने चुनावी भाषणों के जरिए मतदाताओं से डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील की।

Back to top button