केन्या में बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 22 लोगों की मौत; तीन हफ्ते पहले इसी हाईवे पर गई थीं 17 जानें

नैरोबी। अफ्रीकी देश केन्या में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुख्य राजमार्ग पर यात्री बस और ट्रक की टक्कर में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय पुलिस के मुताबिक, हादसा उस समय हुआ, जब बस में सवार यात्री अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। माकुएनी काउंटी के कमिश्नर अब्दुल्लाही खलीफ ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

नैरोबी-मोम्बासा हाईवे पर हुआ हादसा

यह दुर्घटना राजधानी नैरोबी को तटीय शहर मोम्बासा से जोड़ने वाले प्रमुख राजमार्ग पर हुई। हादसे की असली वजह का अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि, केन्या में तेज रफ्तार और सड़कों की खराब हालत को अक्सर सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह माना जाता है।

तीन हफ्ते पहले भी गई थीं 17 लोगों की जान

इस हादसे ने एक बार फिर इसी राजमार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब तीन हफ्ते पहले इसी हाईवे पर हुई एक अन्य दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हुई थी।

केन्या के राष्ट्रीय परिवहन और सुरक्षा प्राधिकरण के मुताबिक, राजमार्ग का यह हिस्सा पहले से ही दुर्घटनाओं के लिहाज से बेहद खतरनाक माना जाता है। यहां सुरक्षा सुधारने के लिए पहले भी कई सुझाव दिए जा चुके हैं।

Back to top button