
भोपाल। मध्य प्रदेश में मोहन सरकार ने प्रशासनिक और पुलिस विभाग में बड़ा बदलाव किया है। राज्य सरकार ने पांच IAS और चार IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सागर और देवास के कलेक्टरों के साथ दोनों जिलों के पुलिस अधीक्षकों की जिम्मेदारियां भी बदल दी गई हैं।
IAS अधिकारियों के तबादले
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सागर की कलेक्टर प्रतिभा पाल को मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम, भोपाल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं, निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव को सागर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
देवास के कलेक्टर ऋतुराज को हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में उप सचिव बनाया गया है। उनकी जगह सिवनी की कलेक्टर नेहा मीना को देवास की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की उप सचिव अंजू अरुण कुमार को सिवनी का नया कलेक्टर बनाया गया है।

IPS अधिकारियों की नई पदस्थापना
गृह विभाग ने चार IPS अधिकारियों के तबादले भी किए हैं। आदेश के अनुसार, सागर के पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह ग्वालियर की 14वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल के सेनानी संजीव कुमार सिन्हा को सागर का नया पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
इसी तरह, देवास के पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत को पुलिस मुख्यालय, भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। बालाघाट के पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा को देवास का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।
सरकार के इस फैसले से सागर, देवास और सिवनी समेत कई जिलों के प्रशासनिक और पुलिस नेतृत्व में बदलाव हुआ है।









