भारत की बल्लेबाजी लड़खड़ाई, 86 रन पर आधी टीम आउट; न्यूजीलैंड ने दिया 260 रनों का विशाल लक्ष्य

ऑकलैंड : न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 260 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआती ओवरों में ही लगातार विकेट गंवा दिए। जैकब डफी ने संजू सैमसन को चार रन के निजी स्कोर पर आउट कर भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद ईशान किशन बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उन्हें जैकब डफी ने कॉट एंड बोल्ड किया।

अभिषेक शर्मा ने कुछ अच्छे शॉट लगाकर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन वह 15 गेंदों में 27 रन बनाकर मैथ्यू फिशर का शिकार बने। इसके बाद एडम मिल्ने ने श्रेयस अय्यर को बोल्ड कर भारत को चौथा झटका दिया। अय्यर ने 11 गेंदों में 22 रन बनाए।

इसके बाद मिचेल सैंटनर ने नीतीश रेड्डी को आउट कर भारत की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। नीतीश ने 10 गेंदों में दो छक्कों की मदद से 21 रन बनाए। वह अक्षर पटेल के साथ साझेदारी बनाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच सैंटनर ने अक्षर पटेल को भी आउट कर भारत को छठा झटका दिया। अक्षर नौ गेंदों में सात रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस विकेट के साथ ही सैंटनर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 150 विकेट भी पूरे कर लिए।

न्यूजीलैंड ने खड़ा किया 259 रनों का विशाल स्कोर

इससे पहले टॉस जीतकर भारत ने न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। कीवी टीम ने ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल की शानदार पारियों की बदौलत 20 ओवर में सात विकेट खोकर 259 रन बनाए और भारत के सामने 260 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा।

न्यूजीलैंड की ओर से ग्लेन फिलिप्स ने 107 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जबकि माइकल ब्रेसवेल ने 65 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पांचवें विकेट के लिए 115 रनों की अहम साझेदारी हुई, जिसने न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फिलिप्स और ब्रेसवेल के अलावा फिन एलेन ने 31, डेरिल मिचेल ने 24, बेवोन जैकब ने 7, मिचेल सैंटनर ने 5 और टिम सीफर्ट ने 3 रन बनाए। नाथन स्मिथ छह रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि एडम मिल्ने एक रन पर नाबाद लौटे।

भारत की ओर से मयंक यादव सबसे सफल गेंदबाज

भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो मयंक यादव ने सबसे ज्यादा तीन विकेट हासिल किए। वहीं अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, नीतीश रेड्डी और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड को बड़ा स्कोर बनाने से नहीं रोक सके।

Back to top button