
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक बहुमंजिला सोसाइटी में शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। बिसरख थाना क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। घटना के बाद सोसाइटी में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सुबह करीब 4:20 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार 30 अक्टूबर को सुबह करीब 4:20 बजे गौर सिटी-2 स्थित महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में हुई। मृतकों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव पात्रा के रूप में हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार, पिता और बेटे को सुबह खाटू श्याम मंदिर में दर्शन करने और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री के सिलसिले में बाहर जाना था। घर से निकलने से पहले दोनों पूजा के लिए बालकनी में फूल लेने गए थे।

बेटे को बचाने की कोशिश में पिता भी नीचे गिरे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इसी दौरान बेटे का पैर फिसल गया और वह नीचे गिरने लगा। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी संतुलन खो बैठे और दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। हादसे के बाद दोनों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
घटना की जानकारी मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में यह दुर्घटना बताई जा रही है, हालांकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। इस घटना से परिवार और सोसाइटी के लोग सदमे में हैं।







