
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया गया। उनकी पेशी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर के आसपास समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सुरक्षा को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और पूरे इलाके में सतर्कता बरती गई।
दरअसल, आजम खां को शनिवार को रामपुर जेल से रिहाई मिलने के तुरंत बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार कर लिया था। यह कार्रवाई मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।

ईडी की टीम आजम खां को गाजियाबाद स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए कस्टडी रिमांड की मांग कर सकती है। एजेंसी उनसे ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से जुड़े वित्तीय लेनदेन सहित अन्य मामलों में पूछताछ करना चाहती है।
आजम खां की अदालत में पेशी को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। कोर्ट परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी गई।









