योगी आदित्यनाथ का सपा पर हमला, बोले- ‘प्रदेश के लिए श्राप है समाजवादी पार्टी’

गोंडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोंडा की गौरा विधानसभा क्षेत्र के तेजपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। सीएम योगी ने कहा कि सपा प्रदेश के लिए श्राप है। जब-जब पार्टी सत्ता में आई, तब-तब उत्तर प्रदेश में तबाही और अराजकता का माहौल बना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू आम बात थी। त्योहारों से पहले ही लोगों को अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगती थी। लेकिन आज उत्तर प्रदेश दंगे और कर्फ्यू से मुक्त है।

रामभक्तों पर गोली चलाने को लेकर सपा पर निशाना

सीएम योगी ने 2 नवंबर 1990 को अयोध्या में रामजन्मभूमि आंदोलन के दौरान कारसेवकों पर हुई गोलीबारी का जिक्र किया। उन्होंने तत्कालीन सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं, जबकि आज भाजपा सरकार में रामभक्तों पर फूल बरसाए जा रहे हैं और अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है।

उन्होंने कहा कि पहले दुर्गा पूजा के पंडालों और धार्मिक आयोजनों को लेकर विवाद होते थे। देवीपाटन मंडल में दुर्गा पूजा की अनुमति तक नहीं मिलती थी और कांवड़ यात्रा पर भी रोक लगाने की कोशिश की जाती थी। अब नवरात्र और कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रहे हैं।

गरीबों और युवाओं के अधिकार छीनने का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार पर गरीबों के हितों की अनदेखी करने और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उस समय गोंडा, बलरामपुर और बहराइच में अज्ञात बीमारी से बच्चों की मौत के मामले सामने आते थे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग भी बीमारी की पहचान नहीं कर पाता था।

सीएम योगी ने 2016 के स्वच्छता सर्वेक्षण का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गोंडा देश के सबसे गंदे शहरों में शामिल था। उन्होंने सपा शासनकाल में हुए खाद्यान्न घोटाले का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मौजूदा सरकार में जरूरतमंदों तक राशन, रसोई गैस और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।

दंगाइयों को संरक्षण देने वालों पर होगी कार्रवाई

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले दंगा करने वालों को सत्ता का संरक्षण मिलता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था के कारण निवेश का माहौल बना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गोंडा में करीब 3,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से सैकड़ों करोड़ रुपये की परियोजनाएं जमीन पर उतर चुकी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में गोंडा जिले के लिए 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। वहीं, देवीपाटन मंडल में करीब 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम हुआ है।

युवाओं को जिले में ही रोजगार देने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोंडा के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाना मुश्किल था, लेकिन अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलें, ताकि उन्हें काम की तलाश में दूसरे शहरों का रुख न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लोगों की आस्था का सम्मान करने और उनके जीवन में बदलाव लाने के लिए काम कर रही है। वहीं, उन्होंने सपा और कांग्रेस पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री ने दीपावली के मौके पर लोगों से गरीब और वंचित परिवारों के साथ खुशियां बांटने की अपील भी की।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह, विधायक प्रभात वर्मा, रमापति शास्त्री, प्रेमनरायन पांडेय, अजय सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष अकबाल बहादुर तिवारी समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Back to top button