शरद पवार अस्पताल में भर्ती, सीने में दर्द और लगातार खांसी की शिकायत

पुणे : राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेते समय सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उनकी सामान्य स्वास्थ्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए उन्हें अस्पताल में भर्ती करने का फैसला किया।

अस्पताल ने क्या बताया?

रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. पुरवेज के. ग्रांट ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि शरद पवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्वास्थ्य जांच की जा रही है और एहतियात के तौर पर उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। अस्पताल को उम्मीद है कि उनकी सेहत में सुधार होगा।

सुप्रिया सुले ने दी स्वास्थ्य की जानकारी

शरद पवार की बेटी और एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि लगातार खांसी की शिकायत के बाद उनके पिता को पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं और फिलहाल उनके स्वास्थ्य से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं।

सुप्रिया सुले ने शरद पवार के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताने और शुभकामनाएं देने वाले लोगों का आभार भी व्यक्त किया।

Back to top button