
कानपुर में आयोजित नौवीं इंडो-नेपाल ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2026 में कटियारी क्षेत्र के होनहार खिलाड़ी अभिजीत पाठक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में भारत के अलग-अलग राज्यों से आए राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और नेपाल के चैंपियन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
कटियारी क्षेत्र के नदुआपुर नरौथा निवासी अभिजीत, जूनियर हाईस्कूल खैरुद्दीनपुर के इंचार्ज प्रधानाध्यापक और जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यकान्त पाठक के पुत्र हैं। अभिजीत ने अपने भार वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय और नेपाली खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा अभिजीत ने सीनियर खिलाड़ियों के लिए आयोजित आधिकारिक फाइट में भी हिस्सा लिया। इस मुकाबले में उन्होंने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। इस तरह प्रतियोगिता में उन्होंने दो पदक अपने नाम किए।
अभिजीत ने अपनी सफलता का श्रेय कोच साहिलमान, सीनियर खिलाड़ी भूमि तिवारी, शिक्षकों और अपने माता-पिता को दिया। उनकी इस उपलब्धि से कटियारी क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अभिजीत की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बन सकती है।









