राहुल गांधी के डिबेट चैलेंज पर अमित शाह का पलटवार, बोले- SIR पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिबेट की चुनौती दिए जाने के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के करनाल में एक रैली के दौरान राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्हें जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी को चर्चा करनी है, तो प्रधानमंत्री को पत्र लिखें। सरकार एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

SIR पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने की बात

अमित शाह ने कहा कि लोकतंत्र में चर्चा के लिए संसद सबसे बड़ी जगह है, लेकिन राहुल गांधी संसद की कार्यवाही नहीं चलने देते। उन्होंने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उन्हें एसआईआर के मुद्दे पर चर्चा करनी है, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखें। सरकार इस विषय पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाने को तैयार है।

शाह ने रैली में लोगों से प्रधानमंत्री मोदी के समर्थन में ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने लगातार तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है, जबकि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

‘राहुल बाबा बौखलाए हुए हैं’

गृह मंत्री ने आगे कहा कि देश के 600 जिलों में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ रैली ने राहुल गांधी को जवाब दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद, लोकसभा अध्यक्ष और न्यायालय का अपमान करते हैं। शाह ने कहा कि राहुल गांधी संविधान का सम्मान नहीं करते और चुनाव में हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ रहे हैं।

अमित शाह ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी अपनी हार से बौखलाए हुए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे खुद संघर्ष करके आगे बढ़े हैं और राहुल गांधी को यह बात याद रखनी चाहिए।

Back to top button