पश्चिम बंगाल के किसानों को बड़ी सौगात, 46 लाख किसानों को मिलेगा PM किसान योजना का लाभ; आलू पर भी सब्सिडी का ऐलान

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किसानों के लिए कई राहत योजनाओं और आर्थिक सहायता की घोषणाएं की हैं। हुगली जिले के पुरसुराह में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 46 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने अलीपुरद्वार, झारग्राम और पुरुलिया के किसानों के लिए विशेष पैकेज देने का भी ऐलान किया। इसके अलावा आलू की खेती करने वाले किसानों को प्रति क्विंटल 50 रुपये की सब्सिडी और राज्य के चार लाख किसानों को बिजली सब्सिडी देने का वादा किया।

आलू किसानों को मिलेगी 50 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि आलू उत्पादक किसानों को प्रति क्विंटल 50 रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। साथ ही किसानों को अपनी उपज दूसरे राज्यों में भेजने की सुविधा भी मिलेगी। सरकार का कहना है कि इन कदमों से किसानों को अपनी फसल बेचने में मदद मिलेगी।

क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना?

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) केंद्र सरकार की एक योजना है। इसके तहत पात्र किसान परिवारों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम 2,000 रुपये की तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाती है।

जानकारी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जून में योजना की 23वीं किस्त जारी की थी। इसके तहत देशभर के किसानों को कुल 18,880 करोड़ रुपये दिए गए थे। इसमें पश्चिम बंगाल के लाभार्थियों के लिए 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि शामिल थी।

तीन जिलों के किसानों को मिलेगा विशेष पैकेज

मुख्यमंत्री ने अलीपुरद्वार, झारग्राम और पुरुलिया के किसानों के लिए अलग से विशेष पैकेज देने का वादा किया है। इसके साथ ही राज्य के चार लाख किसानों को बिजली सब्सिडी देने की घोषणा भी की गई है। इन घोषणाओं के जरिए सरकार ने किसानों की आय और खेती से जुड़ी लागत को लेकर राहत देने का भरोसा जताया है।

Back to top button