
तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को विदेशी संगठनों से फंडिंग मिलने के आरोपों पर बीजेपी को घेरा है। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के बयान पर पलटवार करते हुए महुआ ने दावा किया कि सीजेपी के कार्यकर्ताओं को विदेशी स्रोतों से नहीं, बल्कि बीजेपी से चुनावी बॉन्ड के जरिए पैसा मिला है।
महुआ मोइत्रा के मुताबिक, सीजेपी के अशुतोष रांका, सौरव और अन्य सदस्यों ने खुद बीजेपी से फंड मिलने की बात कही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी ही उन्हें पैसा दे रही है।

जितेंद्र सिंह ने लगाए थे विदेशी फंडिंग के आरोप
दरअसल, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बुधवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के कार्यकर्ताओं पर भारत विरोधी संगठनों से फंडिंग लेने का आरोप लगाया था। बेंगलुरु में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने दावा किया कि अभिजीत दिपके को अनधिकृत स्रोतों से पैसा मिलने के सबूत हैं।
जितेंद्र सिंह ने आरोप लगाया था कि अभिजीत दिपके को अमेरिका के कुछ दानदाताओं से फंडिंग मिल रही है, जबकि अशुतोष रांका को पाकिस्तानी नेताओं से पैसा मिला है। उन्होंने इस पूरे मामले में विदेशी फंडिंग वाले एनजीओ, डीप स्टेट से जुड़े लोगों और भारत विरोधी ताकतों पर नैरेटिव तैयार करने का आरोप लगाया था।
कर्नाटक के मंत्री ने भी बीजेपी से मांगे सबूत
इस मामले में कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खरगे ने भी बीजेपी के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कांग्रेस को विदेशी फंडिंग मिलने के दावों पर सबूत पेश करने की चुनौती दी।
प्रियांक खरगे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर खुली बहस करने की चुनौती देते हुए कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत इस बहस के मॉडरेटर बनें। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और खुफिया एजेंसियों आईबी तथा रॉ की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
खरगे ने पूछा कि बिना ठोस सबूत पेश किए इस तरह के गंभीर आरोप कैसे लगाए जा सकते हैं। इस मुद्दे पर बीजेपी और विपक्षी नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।









